जिला स्तरीय बैडमिंटन प्रतियोगिता में खिलाड़ियों ने दिखाया दमखम

25
-रविवार को होंगे फाइनल मुकाबले, विजेता खिलाड़ी करेंगे राज्य स्तर पर जिले का प्रतिनिधित्व
हनुमानगढ़। जिला बैडमिंटन संघ के तत्वावधान में आयोजित जिला स्तरीय बैडमिंटन प्रतियोगिता के दूसरे दिन रोमांचक मुकाबलों का दौर जारी रहा। जिले के विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए अपनी प्रतिभा का परिचय दिया। पूरे दिन चले मुकाबलों में खिलाड़ियों के बीच कड़ी प्रतिस्पर्धा देखने को मिली, वहीं दर्शकों ने भी उत्साह के साथ खिलाड़ियों का हौसला बढ़ाया।
प्रतियोगिता के दूसरे दिन खेले गए पहले मुकाबले में दक्ष सैनी ने विहान को एकतरफा मुकाबले में 15-5 एवं 15-4 के अंतर से हराकर अगले दौर में प्रवेश किया। दूसरे मैच में हार्दिक सिंह ने जयनब को 15-12 और 15-12 से पराजित कर अपनी जीत दर्ज की। तीसरे मुकाबले में यादिविका बेनीवाल ने चित्रांशी को कड़े संघर्ष के बाद 15-12 एवं 15-13 से शिकस्त दी। चौथे मुकाबले में एकम कौर ने शानदार खेल का प्रदर्शन करते हुए प्रयज्ञ ठकराल को 15-9 और 15-7 से हराकर फाइनल में जगह बनाई।
अब बालिका वर्ग का फाइनल मुकाबला एकम कौर और यादिविका बेनीवाल के बीच खेला जाएगा, जिसे लेकर खिलाड़ियों और खेल प्रेमियों में खासा उत्साह बना हुआ है। आयोजकों को उम्मीद है कि फाइनल मुकाबले बेहद रोमांचक होंगे और खिलाड़ियों के बीच कड़ी टक्कर देखने को मिलेगी।
जिला बैडमिंटन संघ के प्रदेश उपाध्यक्ष नरेन्द्र खिलेरी ने बताया कि प्रतियोगिता में जिले भर से 300 से अधिक खिलाड़ियों ने भाग लिया है। प्रतियोगिता का उद्देश्य खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का मंच उपलब्ध कराना तथा उन्हें राज्य स्तर की प्रतियोगिताओं के लिए तैयार करना है। उन्होंने बताया कि रविवार को छात्र एवं छात्रा वर्ग के फाइनल मुकाबले आयोजित किए जाएंगे।

देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें। आप हमें फेसबुकट्विटरइंस्ट्राग्राम और यूट्यूब चैनल पर फॉलो कर सकते हैं।