वीडी मोटर्स पर धरना, बोलेरो कैंपर की रिपेयरिंग में देरी से भड़का आक्रोश

43

– दो माह बाद भी वाहन नहीं मिला, कंपनी ने दी उग्र आंदोलन की चेतावनी
हनुमानगढ़। जिला मुख्यालय के सतीपुरा बाईपास रोड स्थित वीडी मोटर्स (महिंद्रा शोरूम) पर शुक्रवार को कंपनी प्रतिनिधि गजेंद्र सिंह राठौड़ व उनके सर्मथकों ने जोरदार प्रदर्शन किया। कंपनी के कर्मचारियों और प्रतिनिधियों ने अपनी बोलेरो कैंपर गाड़ी की रिपेयरिंग में हो रही देरी को लेकर शोरूम प्रबंधन के खिलाफ धरना देते हुए रोष जताया।
प्रदर्शन का नेतृत्व कर रहे कंपनी प्रतिनिधि गजेंद्र सिंह राठौड़ ने बताया कि उनकी कंपनी खनन कार्यों के लिए महिंद्रा बोलेरो कैंपर वाहनों का उपयोग करती है। उन्होंने कहा कि उनकी एक गाड़ी (आरजे 19 जीके 5292) का 9 मार्च 2026 को एक कार से एक्सीडेंट हो गया था। इसके बाद वाहन को रिपेयरिंग और इंश्योरेंस क्लेम प्रक्रिया के लिए उसी दिन डीडी मोटर्स में जमा करवा दिया गया था।
गजेंद्र सिंह ने आरोप लगाया कि घटना को दो महीने से अधिक समय बीत चुका है, लेकिन इसके बावजूद शोरूम प्रबंधन वाहन को ठीक कर वापस नहीं दे पाया है। उन्होंने इसे लापरवाही करार देते हुए कहा कि वाहन के लंबे समय तक खड़े रहने से कंपनी के कार्य प्रभावित हो रहे हैं और आर्थिक नुकसान भी उठाना पड़ रहा है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि शीघ्र ही गाड़ी नहीं सौंपी गई तो कंपनी के सभी कर्मचारी मिलकर उग्र आंदोलन करेंगे।
धरना प्रदर्शन में पंवन सिंह, कमल सिंह, विनोद कुमार, धर्मेंद्र यादव, मंजीत सिंह, चंद्र कुमार, लक्ष्मण सिंह, उमेश सिंह, धर्मेंद्र सिंह, रूप सिंह, महीपाल सिंह, राहुल सिंह, नरेंद्र सिंह, विक्रम सिंह, संजय कुमार, पंकज कुमार और अनिल कुमार सहित कई लोग मौजूद रहे। सभी ने एक स्वर में शोरूम प्रबंधन से जल्द समाधान की मांग की।

देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें। आप हमें फेसबुकट्विटरइंस्ट्राग्राम और यूट्यूब चैनल पर फॉलो कर सकते हैं।