साबुन व सर्फ मेकिंग प्रशिक्षण का हुआ समापन

121

-35 प्रतिभागियों ने छह दिवसीय प्रशिक्षण लेकर स्वरोजगार की दिशा में बढ़ाया कदम
हनुमानगढ़। ग्राम पंचायत उत्तमसिंह वाला में आयोजित छह दिवसीय जनरल ईडीपी (साबुन एवं सर्फ मेकिंग) प्रशिक्षण कार्यक्रम का समापन उत्साहपूर्वक हुआ। प्रशिक्षण में कुल 35 प्रतिभागियों ने भाग लेकर साबुन एवं सर्फ निर्माण से जुड़े व्यावहारिक और तकनीकी पहलुओं की जानकारी प्राप्त की। कार्यक्रम का उद्देश्य ग्रामीण युवाओं एवं महिलाओं को स्वरोजगार के लिए प्रेरित करना तथा उन्हें आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में आवश्यक कौशल उपलब्ध कराना था।
प्रशिक्षण के दौरान मास्टर ट्रेनर सुरेश चन्द्र शर्मा ने लगातार छह दिनों तक प्रतिभागियों को साबुन एवं सर्फ निर्माण की संपूर्ण प्रक्रिया, कच्चे माल का चयन, गुणवत्ता नियंत्रण, पैकेजिंग, विपणन तथा छोटे स्तर पर व्यवसाय शुरू करने के बारे में विस्तार से प्रशिक्षण दिया। उन्होंने प्रतिभागियों को कम लागत में बेहतर गुणवत्ता वाले उत्पाद तैयार करने के व्यावहारिक तरीके भी बताए।
समापन कार्यक्रम की अध्यक्षता अनुदेशक मुकेश भानुशाली ने की। उन्होंने कहा कि प्रशिक्षण प्राप्त करने वाले सभी प्रतिभागियों को स्वरोजगार शुरू करने के लिए बैंक के माध्यम से ऋण सुविधा उपलब्ध कराने का प्रयास किया जाएगा, ताकि वे प्रशिक्षण का लाभ उठाकर अपना स्वयं का व्यवसाय स्थापित कर सकें और आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनें।

देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें। आप हमें फेसबुक, ट्विटर, इंस्ट्राग्राम और यूट्यूब चैनल पर फॉलो कर सकते हैं।