पीडब्ल्यूडी एक्सईएन पर रिश्वतखोरी का आरोप, ठेकेदारों ने किया धरना प्रदर्शन

197

-बिल भुगतान में देरी व प्रताड़ना से आक्रोशित ठेकेदारों ने जिला कलक्टर को सौंपा ज्ञापन, स्थानांतरण की मांग
हनुमानगढ़। सार्वजनिक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) के अधिशाषी अभियंता (एक्सईएन) अनिल अग्रवाल पर बिल भुगतान के एवज में रिश्वत मांगने के गंभीर आरोप लगाते हुए जिले के दर्जनों ठेकेदारों ने बुधवार को संयुक्त ठेकेदार महासंघ की अगुवाई में एक्सईएन कार्यालय परिसर में जोरदार प्रदर्शन किया। ठेकेदारों ने आरोप लगाया कि विभाग द्वारा स्वीकृत कार्यों का भुगतान बिना रिश्वत के नहीं किया जा रहा, जिससे वे आर्थिक तंगी से जूझ रहे हैं। संघर्ष समिति के नेतृत्व में आयोजित इस धरने में पीड़ित ठेकेदारों ने एक्सईएन के खिलाफ नारेबाजी की और उनका तत्काल अन्यत्र स्थानांतरण करने की मांग की। प्रदर्शन के पश्चात ठेकेदारों ने जिला कलक्टर को ज्ञापन सौंपकर अपनी समस्याओं से अवगत कराया। सार्वजनिक निर्माण एसोसिएशन के महासचिव आलोक रणवां ने बताया कि पिछले लगभग एक वर्ष से ठेकेदारों के कार्यों का भुगतान लंबित है। संवेदक सुरेन्द्र कुमार राहड़ ने बताया कि उन्होंने विभाग में पिछले पांच-छह वर्षों के दौरान विभिन्न निर्माण कार्य किए हैं, जिनके बिल विभाग के कनिष्ठ एवं सहायक अभियंताओं द्वारा प्रमाणित भी किए जा चुके हैं। इसके बावजूद एक्सईएन अनिल अग्रवाल की ओर से बिल पास करने के बदले रिश्वत मांगी जा रही है। राहड़ ने आरोप लगाया कि जब उन्होंने रिश्वत देने से इनकार किया, तो एक्सईएन ने उन्हें मानसिक रूप से प्रताड़ित करना शुरू कर दिया और उनके खिलाफ झूठा मुकदमा दर्ज करवाते हुए उन पर राजकार्य में बाधा पहुंचाने का आरोप लगाया। प्रदर्शन में शामिल अन्य ठेकेदारों ने भी आरोप लगाया कि एक्सईएन का व्यवहार तानाशाहीपूर्ण है और वे बार-बार यह धमकी दे रहे हैं कि यदि रिश्वत नहीं दी गई तो साइट निरीक्षण के बहाने कार्य तुड़वाए जाएंगे और भुगतान रोका जाएगा। ठेकेदारों ने बताया कि विभाग को राज्य सरकार की ओर से आवश्यक बजट उपलब्ध कराया जा चुका है, फिर भी एक्सईएन की मनमानी के कारण भुगतान अटका हुआ है। भुगतान नहीं मिलने के कारण वे मजदूरों को भी भुगतान नहीं कर पा रहे हैं, जिससे उनके सामने आर्थिक संकट गहरा गया है। धरने के दौरान ठेकेदारों ने चेतावनी दी कि यदि शीघ्र ही उनकी मांगों पर कार्रवाई नहीं की गई तो वे मुख्यमंत्री, उपमुख्यमंत्री व पीडब्ल्यूडी मंत्री से सीधे शिकायत करेंगे और ज़रूरत पड़ने पर उग्र आंदोलन भी किया जाएगा। ठेकेदारों ने मांग की है कि उन्हें शीघ्र बिलों का भुगतान दिलाया जाए और भ्रष्टाचार के आरोपों में घिरे एक्सईएन अनिल अग्रवाल को तत्काल प्रभाव से अन्यत्र स्थानांतरित किया जाए ताकि विभाग में पारदर्शिता और निष्पक्षता बनी रह सके।

ताजा अपडेट्स के लिए आप पञ्चदूत मोबाइल ऐप डाउनलोड कर सकते हैं, ऐप को इंस्टॉल करने के लिए यहां क्लिक करें.. इसके अलावा आप हमें फेसबुकट्विटरइंस्ट्राग्राम और यूट्यूब चैनल पर फॉलो कर सकते हैं।