हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी में जलभराव से परेशान लोगों ने प्रशासन से लगाई गुहार

21

-तीन फीट पानी घरों में घुसने से भारी नुकसान, स्थायी जल निकासी व्यवस्था की मांग
हनुमानगढ़। हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी में हाल ही में हुई बारिश के बाद उत्पन्न गंभीर जलभराव की समस्या को लेकर क्षेत्रवासियों का आक्रोश सामने आया। वरिष्ठ नागरिक समाज सेवा समिति, हनुमानगढ़ जंक्शन के बैनर तले कॉलोनी के निवासियों ने जिला कलक्टर एवं नगरपरिषद प्रशासक को ज्ञापन सौंपकर क्षेत्र में स्थायी जल निकासी व्यवस्था कराने की मांग की। ज्ञापन निवर्तमान सभापति सुमित रणवां, पार्षद सौरभ शर्मा  के नेतृत्व में सौंपा गया।
ज्ञापन में निवर्तमान सभापति सुमित रणवा ने बताया गया कि 4 अगस्त को हुई तेज बारिश के बाद हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी की स्थिति अत्यंत गंभीर हो गई। जल निकासी की समुचित व्यवस्था नहीं होने के कारण करीब तीन फीट तक पानी लोगों के घरों में घुस गया। इससे घरेलू सामान, फर्नीचर, विद्युत उपकरण और अन्य जरूरी वस्तुओं को भारी नुकसान पहुंचा। कई घरों में फ्रिज, कूलर, वॉशिंग मशीन तथा अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरण पानी में डूब जाने से खराब हो गए।
हाउसिंग बोर्ड पार्षद सौरभ शर्मा ने बताया कि बारिश के दौरान सीवरेज व्यवस्था पूरी तरह ठप हो गई और कई स्थानों पर सीवरेज लाइनें ब्लॉक होने से स्थिति और भी विकट हो गई। कॉलोनी के लगभग 500 घर जलभराव से प्रभावित हुए। लोगों को रात करीब दो बजे तक अपने घरों से पानी निकालने के लिए मशक्कत करनी पड़ी। महिलाओं, बुजुर्गों और बच्चों को सबसे अधिक परेशानी का सामना करना पड़ा, जबकि कई परिवारों का दैनिक जीवन पूरी तरह अस्त-व्यस्त हो गया।
ज्ञापन में प्रशासन से मांग की गई कि हाउसिंग बोर्ड क्षेत्र में जल निकासी की स्थायी एवं प्रभावी व्यवस्था विकसित की जाए, सीवरेज लाइनों की तत्काल सफाई कराई जाए तथा भविष्य में ऐसी स्थिति दोबारा उत्पन्न न हो, इसके लिए ठोस कार्ययोजना बनाई जाए। साथ ही प्रभावित परिवारों को हुए नुकसान का आकलन कर आवश्यक सहायता उपलब्ध कराने की भी मांग की गई।

देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें। आप हमें फेसबुकट्विटरइंस्ट्राग्राम और यूट्यूब चैनल पर फॉलो कर सकते हैं।