– प्रधानमंत्री का पुतला फूंककर छात्रों के समर्थन में उठाई आवाज
हनुमानगढ़। संविधान सेना के बैनर तले विभिन्न सामाजिक संगठनों के कार्यकर्ताओं ने संयुक्त रूप से जंतर-मंतर पर छात्रों पर हुए कथित लाठीचार्ज के विरोध में प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए अपनी मांगों को बुलंद किया तथा विरोध स्वरूप प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का प्रतीकात्मक पुतला फूंककर रोष व्यक्त किया।
प्रदर्शन को संबोधित करते हुए संविधान सेना के प्रदेश संयोजक राजेश भारतीय ने कहा कि शिक्षा, संविधान और युवाओं के भविष्य से जुड़े मुद्दों पर सरकार को गंभीरता से ध्यान देना चाहिए। उन्होंने कहा कि लोकतांत्रिक व्यवस्था में अपनी मांगों को शांतिपूर्ण ढंग से रखने वाले छात्रों पर बल प्रयोग उचित नहीं है। युवाओं की आवाज को दबाने के बजाय उनकी समस्याओं का समाधान किया जाना चाहिए।
उन्होंने कहा कि देश का भविष्य युवाओं और विद्यार्थियों के हाथों में है, इसलिए उनकी मांगों और अधिकारों की अनदेखी नहीं की जानी चाहिए। शिक्षा व्यवस्था को मजबूत करने तथा छात्रों के हितों की रक्षा के लिए सरकार को सकारात्मक कदम उठाने चाहिए। प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी कि यदि छात्रों से जुड़े मुद्दों पर संवेदनशीलता नहीं दिखाई गई तो आंदोलन को और व्यापक बनाया जाएगा।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें। आप हमें फेसबुक, ट्विटर, इंस्ट्राग्राम और यूट्यूब चैनल पर फॉलो कर सकते हैं।
































