29वीं राज्य स्तरीय सेपक टकरा प्रतियोगिता में हनुमानगढ़ की बेटियों का शानदार प्रदर्शन

25

– बालिका टीम ने जीता कांस्य पदक, जिले पहुंचने पर खिलाड़ियों का किया गया सम्मान
हनुमानगढ़। राजस्थान सेपक टकरा संघ एवं पाली सेपक टकरा संघ के संयुक्त तत्वावधान में नाडोल (पाली) में आयोजित 29वीं राज्य स्तरीय सब जूनियर सेपक टकरा प्रतियोगिता में हनुमानगढ़ की बालिका टीम ने उत्कृष्ट खेल का प्रदर्शन करते हुए तृतीय स्थान प्राप्त कर जिले का गौरव बढ़ाया। दो दिवसीय यह प्रतियोगिता 25 एवं 26 जुलाई को आयोजित हुई, जिसमें प्रदेशभर से विभिन्न जिलों की टीमों ने भाग लिया। हनुमानगढ़ की बालिका खिलाड़ियों ने शानदार तालमेल, अनुशासन और बेहतरीन खेल कौशल का प्रदर्शन करते हुए कांस्य पदक अपने नाम किया।
प्रतियोगिता से लौटने पर हनुमानगढ़ पहुंची विजेता खिलाड़ियों का खेल प्रेमियों एवं सेपक टकरा संघ के पदाधिकारियों द्वारा गर्मजोशी से स्वागत एवं सम्मान किया गया। खिलाड़ियों को पदक पहनाकर और उनका उत्साहवर्धन करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की गई। इस अवसर पर खिलाड़ियों के सम्मान समारोह का आयोजन किया गया, जिसमें खेल जगत से जुड़े अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
हनुमानगढ़ सेपक टकरा संघ के अध्यक्ष हेमंत गोयल ने खिलाड़ियों को बधाई देते हुए कहा कि सीमित संसाधनों के बावजूद जिले के खिलाड़ी राज्य स्तर पर लगातार अपनी प्रतिभा का उत्कृष्ट प्रदर्शन कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि बेटियों की यह उपलब्धि अन्य खिलाड़ियों के लिए भी प्रेरणादायक है और इससे जिले में सेपक टकरा खेल को नई पहचान मिलेगी। उन्होंने खिलाड़ियों से भविष्य में राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं में भी उत्कृष्ट प्रदर्शन कर हनुमानगढ़ और राजस्थान का नाम रोशन करने का आह्वान किया।
सम्मान समारोह के दौरान शंकर सिंह नरुका, राजेश खीचड़, राजीव चौधरी, पदम सिंह, पवन कुमार, विकास शर्मा, भूर सिंह, हेमंत कुमार एवं गुलशन कुमार सहित अन्य खेल प्रेमियों ने खिलाड़ियों को पदक पहनाकर सम्मानित किया तथा उनके बेहतर भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं। सभी अतिथियों ने प्रशिक्षकों एवं अभिभावकों के योगदान की भी सराहना करते हुए कहा कि खिलाड़ियों की सफलता के पीछे उनकी मेहनत, अनुशासन और निरंतर अभ्यास का महत्वपूर्ण योगदान है।

देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें। आप हमें फेसबुकट्विटरइंस्ट्राग्राम और यूट्यूब चैनल पर फॉलो कर सकते हैं।