वरिष्ठ शिक्षाविद उमा व्यास का निधन 6 वर्ष की उम्र में महात्मा गांधी ने गोद में उठाकर दुलार किया

0
257

शाहपुरा-राज्य के ख्यातनाम स्वतंत्रता संग्राम सेनानी स्वर्गीय रमेश चंद्र ओझा की सुपुत्री व विनोबा भावे के शिष्य स्वर्गीय महेश चंद्र व्यास की धर्मपत्नी वरिष्ठ शिक्षा विद उमा व्यास का गुरुवार को सुबह जयपुर में 83 वर्ष की उम्र में निधन हो गया। व्यास कुछ समय से अस्वस्थ थी तथा उनका जयपुर इटरनल अस्पताल में उपचार चल रहा था। हृदयाघात के चलते उनका निधन हुआ। निधन की सूचना पर कस्बे के विभिन्न सामाजिक संगठनों व जनप्रतिनिधियों ने शोक व्यक्त किया। स्वतंत्रता संग्राम सेनानी स्वर्गीय रमेश चंद्र ओझा व उनके साथी स्वर्गीय लक्ष्मी दत्त कांटिया के साथ महात्मा गांधी के अजमेर प्रवास के दौरान उन्हें विदा करने अजमेर रेलवे स्टेशन पहुंची तब स्वर्गीय उमा व्यास मात्र 6 वर्ष की थी बाल सुलभ मासूमियत को देख कर राष्ट्रपिता महात्मा गांधी ने उन्हें गोद में लेकर दुलार दिया और आशीर्वाद दिया था। तब यकायक ही उमा बहन जी ने महात्मा गांधी के सिर पर भी हाथ फेर दिया था।

अपनी माता रमा देवी ओझा जो कि स्वयं एक स्वतंत्र संग्राम सेनानी थी तथा स्वर्गीय उर्मिला देवी कांटिया के साथ वर्धा आश्रम में काफी लंबे समय तक महात्मा गांधी की धर्मपत्नी स्वर्गीय कस्तूरबा गांधी के सानिध्य में रही। जहां स्वदेशी तथा खादी के महत्व से काफी प्रभावित हुई। इनकी माता स्वर्गीय रमा बहन ने आजन्म खादी ही पहनी। उन्हीं के संस्कारों से प्रेरित होकर शिक्षाविद उमा बहन ने मेवाड़ के शाहपुरा रियासत की पहली निजी स्कूल भारतीय सदन करीब 10 वर्ष तक संचालित की जहा उन्होंने विद्यार्थियों को भी मात्र खादी के वस्त्र ही पहनने के लिए प्रेरित किया। इसी की परिणति रही कि विद्यालय का ड्रेस कोड भी खादी ही रहा।आजन्म खादी व स्वदेशी की पक्षधर रही स्वर्गीय उमा बहन के पति स्वर्गीय महेश व्यास भी विनोबा भावे के भूदान आंदोलन से जुड़े और विनोबा भावे के इस आंदोलन को क्षेत्र में गति दी। व्यास का अंतिम संस्कार शुक्रवार को सुबह 9:00 बजे स्थानीय मोक्षधाम में किया जाएगा। व्यास के 3 पुत्र अनिल व्यास, अखिल व्यास व अतुल व्यास तथा एक पुत्री अदिति व्यास है।

ताजा अपडेट्स के लिए आप पञ्चदूत मोबाइल ऐप डाउनलोड कर सकते हैं, ऐप को इंस्टॉल करने के लिए यहां क्लिक करें.. इसके अलावा आप हमें  फेसबुकट्विटरइंस्ट्राग्राम और यूट्यूब चैनल पर फॉलो कर सकते हैं।