रामलीला के चौथे दिन ताड़का वध और अहिल्या उद्धार का हुआ प्रभावशाली मंचन

46

– भगवान राम के पराक्रम और करुणा के प्रसंगों ने दर्शकों को किया भावविभोर
हनुमानगढ़।
जंक्शन स्वामी विवेकानंद रंगमंच सेवा समिति हनुमानगढ़ के द्वारा आयोजित रामलीला के चौथे दिन ताड़का वध और अहिल्या उद्धार के प्रसंगों का प्रभावशाली मंचन किया गया। कलाकारों ने अपने अभिनय से भगवान श्रीराम की वीरता, मर्यादा और करुणा को जीवंत कर दिया। मंचन के दौरान उपस्थित दर्शक धार्मिक प्रसंगों में भावविभोर नजर आए।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में सांख्यिकी अधिकारी योगेश बलाड़िया सपरिवार उपस्थित रहे। उनके साथ अन्य गणमान्य सदस्यों ने भी रामलीला में भाग लिया और कलाकारों की प्रस्तुतियों का आनंद लिया। रामलीला मंचन के दौरान धार्मिक वातावरण बना रहा तथा दर्शकों ने भगवान श्रीराम के जयकारों के साथ कलाकारों का उत्साहवर्धन किया।
चौथे दिन के मंचन में महर्षि विश्वामित्र के साथ भगवान राम और लक्ष्मण के वन गमन से जुड़े प्रसंगों को प्रस्तुत किया गया। इसके बाद ताड़का वध का दृश्य मंचित हुआ, जिसमें भगवान राम ने राक्षसी ताड़का का वध कर ऋषि-मुनियों को उसके आतंक से मुक्ति दिलाई। इस प्रसंग के माध्यम से बुराई पर अच्छाई की जीत का संदेश दिया गया। कलाकारों ने संवाद और अभिनय के जरिए दृश्य को प्रभावशाली बनाया।
इसके पश्चात अहिल्या उद्धार का प्रसंग प्रस्तुत किया गया। भगवान राम के चरण स्पर्श से अहिल्या के उद्धार का दृश्य श्रद्धा और भक्ति से सराबोर रहा। इस प्रसंग ने दर्शकों को भगवान राम की करुणा और लोककल्याणकारी स्वरूप का संदेश दिया।

देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें। आप हमें फेसबुक, ट्विटर, इंस्ट्राग्राम और यूट्यूब चैनल पर फॉलो कर सकते हैं।