भारतीय सेना में भर्ती की प्रक्रिया पर विद्यार्थियों को किया जागरूक

37

*- बेबी हैप्पी मॉडर्न पीजी कॉलेज में आयोजित सेमिनार, सेना अधिकारियों ने दिए सफलता के मंत्र*
हनुमानगढ़। जंक्शन स्थित बेबी हैप्पी मॉडर्न पीजी कॉलेज में सोमवार को भारतीय सेना में भर्ती के प्रति युवाओं को जागरूक करने के उद्देश्य से एक प्रेरणादायक सेमिनार का आयोजन किया गया। सेमिनार में भारतीय सेना के प्रतिनिधियों ने विद्यार्थियों को सेना भर्ती की संपूर्ण प्रक्रिया, शारीरिक एवं मानसिक तैयारी, चयन के विभिन्न चरणों तथा आवश्यक पात्रताओं की विस्तृत जानकारी दी। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर सेना में करियर बनाने संबंधी अपनी जिज्ञासाओं का समाधान प्राप्त किया।
सेमिनार में भारतीय सेना के कर्नल अंकुर कुमार ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि भारतीय सेना केवल एक नौकरी नहीं, बल्कि राष्ट्र सेवा का सर्वोच्च माध्यम है। उन्होंने युवाओं से अनुशासित जीवन अपनाने, नियमित व्यायाम करने तथा लक्ष्य के प्रति समर्पित रहने का आह्वान किया। उन्होंने बताया कि सेना में भर्ती के लिए निर्धारित शारीरिक मापदंडों, आवश्यक हाइट, स्टैमिना, दौड़, मेडिकल परीक्षण तथा लिखित परीक्षा सहित सभी चरणों की गंभीरता से तैयारी करनी चाहिए।
शिक्षा समिति के निर्देशक तरुण विजय ने कहा कि आज के युवाओं के लिए भारतीय सेना में करियर बनाना सम्मान और गर्व की बात है। ऐसे मार्गदर्शन कार्यक्रम विद्यार्थियों को सही दिशा देने के साथ-साथ उनमें अनुशासन, राष्ट्रभक्ति और आत्मविश्वास का संचार करते हैं। उन्होंने विद्यार्थियों से अपने लक्ष्य के प्रति समर्पित रहकर नियमित तैयारी करने का आह्वान किया।
कॉलेज चेयरमैन आशीष विजय ने कहा कि महाविद्यालय का उद्देश्य विद्यार्थियों को केवल शैक्षणिक शिक्षा तक सीमित रखना नहीं, बल्कि उन्हें विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं और रक्षा सेवाओं सहित अन्य क्षेत्रों में भी सफल बनाने के लिए निरंतर मार्गदर्शन उपलब्ध कराना है। भविष्य में भी इस प्रकार के प्रेरणादायी सेमिनार आयोजित किए जाएंगे ताकि अधिक से अधिक विद्यार्थी इसका लाभ उठा सकें।

देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें। आप हमें फेसबुकट्विटरइंस्ट्राग्राम और यूट्यूब चैनल पर फॉलो कर सकते हैं।