हनुमानगढ़, 12 जुलाई। जिला कांग्रेस कमेटी हनुमानगढ़ कार्यालय में नवगठित कार्यकारिणी का शपथ ग्रहण समारोह एवं मासिक बैठक आयोजित की गई।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि जिला सह प्रभारी डॉ. सुनील लारा रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला कांग्रेस कमेटी हनुमानगढ़ के अध्यक्ष मनीष मक्कासर ने की, जबकि पूर्व जिला अध्यक्ष सुरेन्द्र दादरी विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।
मुख्य अतिथि डॉ. सुनील लारा ने नवगठित कार्यकारिणी के पदाधिकारियों को संगठन के प्रति पूर्ण निष्ठा, ईमानदारी एवं समर्पण भाव से कार्य करने की शपथ दिलाई। उन्होंने कहा कि कांग्रेस संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत बनाकर आमजन की समस्याओं के समाधान के लिए निरंतर कार्य करना ही सभी पदाधिकारियों की प्राथमिक जिम्मेदारी है।
अध्यक्षीय उद्बोधन में मनीष मक्कासर ने कहा कि संगठन की मजबूती कार्यकर्ताओं की सक्रियता और एकजुटता से ही संभव है। उन्होंने सभी पदाधिकारियों से जनता के बीच रहकर कांग्रेस की नीतियों एवं विचारधारा को घर-घर तक पहुँचाने का आह्वान किया।
विशिष्ट अतिथि सुरेन्द्र दादरी ने नवगठित टीम को शुभकामनाएँ देते हुए कहा कि कांग्रेस का प्रत्येक कार्यकर्ता संगठन की सबसे बड़ी ताकत है। उन्होंने सभी से समर्पित भाव से कार्य करते हुए संगठन को नई ऊँचाइयों तक ले जाने का आग्रह किया।
इसके पश्चात आयोजित मासिक बैठक में संगठनात्मक गतिविधियों की समीक्षा की गई तथा आगामी कार्यक्रमों, सदस्यता अभियान, जनसंपर्क, बूथ सशक्तिकरण एवं संगठन विस्तार पर विस्तार से चर्चा की गई। बैठक में सभी पदाधिकारियों ने संगठन हित में पूरी निष्ठा के साथ कार्य करने का संकल्प लिया।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें। आप हमें फेसबुक, ट्विटर, इंस्ट्राग्राम और यूट्यूब चैनल पर फॉलो कर सकते हैं।




































