हनुमानगढ़ टाउन, 13 जुलाई। हनुमानगढ़ टाउन स्थित एफसीआई गेट पर सोमवार को एफसीआई पल्लेदार मजदूर यूनियन की ओर से गेट मीटिंग आयोजित की गई। बैठक के बाद बड़ी संख्या में मजदूरों ने एफसीआई गोदाम परिसर के बाहर प्रदर्शन कर कार्य समय में बदलाव की मांग उठाई। मजदूरों का कहना है कि भीषण गर्मी में वर्तमान कार्य समय उनके स्वास्थ्य पर प्रतिकूल प्रभाव डाल रहा है। एफसीआई पल्लेदार मजदूर यूनियन के जिलाध्यक्ष कामरेड आत्मा सिंह ने कहा कि सरकार ने भीषण गर्मी को देखते हुए कई विभागों में कार्य समय में बदलाव किया है, लेकिन एफसीआई में अभी भी सुबह 10:00 बजे से शाम 5:00 बजे तक का समय लागू है। इस दौरान तेज धूप और अत्यधिक गर्मी के कारण मजदूरों को काम करने में भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है तथा कई श्रमिक बीमार भी हो रहे हैं। उन्होंने मांग की कि कार्य समय बदलकर सुबह 7:00 बजे से शाम 6:00 बजे तक किया जाए, ताकि मजदूर सुरक्षित वातावरण में अपना कार्य कर सकें।
उन्होंने चेतावनी दी कि जब तक उनकी मांग स्वीकार नहीं की जाती, तब तक जिलेभर के एफसीआई केंद्रों पर कार्य बंद रखा जाएगा। उन्होंने कहा कि इससे उत्पन्न होने वाली किसी भी स्थिति की जिम्मेदारी एफसीआई प्रशासन की होगी। सीटू के जिला कोषाध्यक्ष कामरेड बहादुर सिंह चौहान ने कहा कि श्रमिकों की समस्याओं की अनदेखी नहीं की जानी चाहिए। उन्होंने केंद्र सरकार की श्रम नीतियों और नए लेबर कोड का उल्लेख करते हुए कहा कि श्रमिक हितों की रक्षा के लिए सभी मजदूरों को एकजुट रहना होगा। बैठक को बसंत सिंह ने भी संबोधित किया। इस दौरान हरजीराम, श्रीचंद, रामबाबू, विनीत, फिरोज खान, मिथिलेश, रमनदीप कौर, राजकुमार, सुखविंदर कौर सहित अनेक मजदूर उपस्थित रहे और सभी ने कार्य समय में बदलाव की मांग का समर्थन किया।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें। आप हमें फेसबुक, ट्विटर, इंस्ट्राग्राम और यूट्यूब चैनल पर फॉलो कर सकते हैं।





































