प्रधान पद के चुनाव में निर्दलीयों की एंट्री, कांग्रेस को समर्थन देने से इनकार

35

टाउन-जंक्शन में निर्दलीय प्रत्याशी उतरेंगे मैदान में, भाजपा के सामने भी समर्थन का खुला विकल्प; प्रधान की कुर्सी का मुकाबला हुआ रोचक
हनुमानगढ़।
पंचायत समिति टाउन और जंक्शन में प्रधान पद के चुनाव को लेकर सियासी समीकरण लगातार बदल रहे हैं। कांग्रेस और माकपा नेताओं के साथ सहमति नहीं बनने के बाद अब निर्दलीय सदस्यों ने प्रधान पद के चुनाव में खुद मैदान में उतरने का फैसला किया है। गुरूवार को माकपा नेता रामेश्वर वर्मा, सीटू जिलाध्यक्ष आत्मा सिंह, बसंत सिंह, बहादुर सिंह, चन्द्रकला वर्मा सहित अन्य नेताओं ने धोषणा की कि टाउन पंचायत समिति में ब्लॉक 4 से प्रहलाद कुमार और जंक्शन पंचायत समिति में ब्लॉक 9 से हरजीत कौर निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में प्रधान पद के चुनाव लड़ेगे। निर्दलीयों के इस फैसले ने दोनों पंचायत समितियों में प्रधान पद के चुनाव का मुकाबला और दिलचस्प बना दिया है।
निर्दलीय सदस्यों की ओर से कांग्रेस को समर्थन देने से साफ इनकार किए जाने के बाद अब राजनीतिक दलों के सामने नए समीकरण खड़े हो गए हैं। कांग्रेस और माकपा नेताओं के साथ बातचीत के दौरान प्रधान पद को लेकर सहमति नहीं बन पाई। इसके बाद निर्दलीय सदस्यों ने किसी दल के समर्थन में पीछे हटने के बजाय स्वयं चुनाव लड़ने का निर्णय लिया है। इस फैसले से प्रधान पद के चुनाव में मुकाबला अब केवल भाजपा और कांग्रेस के बीच सीमित नहीं रहने की संभावना है।
टाउन पंचायत समिति में ब्लॉक 4 से प्रहलाद कुमार और जंक्शन पंचायत समिति में ब्लॉक 9 से हरजीत कौर के चुनाव मैदान में उतरने से निर्दलीय खेमे ने अपनी रणनीति स्पष्ट कर दी है। निर्दलीयों का दावा है कि पंचायत समिति के कई सदस्य उनके संपर्क में हैं और चुनाव के दौरान उनके पक्ष में समर्थन जुट सकता है। ऐसे में प्रधान पद के चुनाव में निर्दलीय प्रत्याशी निर्णायक भूमिका निभा सकते हैं।

देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें। आप हमें फेसबुक, ट्विटर, इंस्ट्राग्राम और यूट्यूब चैनल पर फॉलो कर सकते हैं।