संविधान दिवस पर व्यापार मंडल कन्या महाविद्यालय में सेमिनार आयोजित

37
स्वयंसेविकाओं को संविधान के महत्व और मौलिक अधिकारों की दी जानकारी, दिलाई संविधान की शपथ
हनुमानगढ़ टाउन।
व्यापार मंडल कन्या महाविद्यालय में राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) की इकाई प्रथम के तत्वावधान में आज संविधान दिवस उत्साह एवं गरिमामय वातावरण में मनाया गया। इस अवसर पर छात्राओं को भारतीय संविधान के महत्व, उसके मूल सिद्धांतों एवं नागरिकों के अधिकारों और कर्तव्यों के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से एक विशेष सेमिनार का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में महाविद्यालय के राजनीतिक विज्ञान के व्याख्याता महेंद्र कुमार ने स्वयंसेविकाओं को भारतीय संविधान से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियां प्रदान कीं। उन्होंने संविधान निर्माण की ऐतिहासिक पृष्ठभूमि, संविधान की प्रस्तावना, मौलिक अधिकारों, मौलिक कर्तव्यों तथा लोकतांत्रिक व्यवस्था के बारे में विस्तार से बताया। उन्होंने कहा कि भारतीय संविधान देश की लोकतांत्रिक व्यवस्था का आधार है। प्रत्येक नागरिक को संविधान का सम्मान करते हुए अपने अधिकारों के साथ-साथ कर्तव्यों के प्रति भी सजग रहना चाहिए।इस अवसर पर महाविद्यालय की प्राचार्य डॉ. नीलम गौड़ ने भी स्वयंसेविकाओं को संविधान के महत्व के बारे में जानकारी देते हुए कहा कि संविधान हमें समानता, स्वतंत्रता, न्याय और बंधुत्व का संदेश देता है। उन्होंने छात्राओं को संविधान में निहित आदर्शों को अपने जीवन में अपनाने तथा एक जिम्मेदार नागरिक बनने के लिए प्रेरित किया।कार्यक्रम के दौरान सभी स्वयंसेविकाओं को भारतीय संविधान के प्रति निष्ठा एवं सम्मान बनाए रखने की शपथ दिलाई गई। छात्राओं ने संविधान के मूल्यों का पालन करने तथा देश की लोकतांत्रिक परंपराओं को मजबूत बनाने में अपनी भूमिका निभाने का संकल्प लिया। इस मौके पर एनएसएस प्रभारी अनु मुंजाल उपस्थित रहीं। कार्यक्रम के माध्यम से स्वयंसेविकाओं को संविधान के प्रति जागरूकता, लोकतांत्रिक मूल्यों और नागरिक जिम्मेदारियों का महत्वपूर्ण संदेश दिया गया।

देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें। आप हमें फेसबुक, ट्विटर, इंस्ट्राग्राम और यूट्यूब चैनल पर फॉलो कर सकते हैं।