सीता स्वयंवर और श्रीराम-सीता विवाह के प्रसंगों का हुआ भव्य मंचन

38

-भगवान श्रीराम और माता सीता के विवाह प्रसंग ने दर्शकों को किया भावविभोर
हनुमानगढ़। स्वामी विवेकानंद रंगमंच सेवा समिति हनुमानगढ़ की ओर से जंक्शन की भट्टा कॉलोनी स्थित स्वामी विवेकानंद रंगमंच पर आयोजित रामलीला के पांचवें दिन सीता स्वयंवर और भगवान श्रीराम-माता सीता विवाह के प्रसंगों का भव्य एवं प्रभावशाली मंचन किया गया। कलाकारों ने शानदार अभिनय और संवादों के माध्यम से इन धार्मिक प्रसंगों को जीवंत कर दिया। मंचन के दौरान पूरा वातावरण भक्तिमय हो गया और उपस्थित दर्शक भगवान श्रीराम के जयकारे लगाते नजर आए।
कार्यक्रम में विश्व हिंदू परिषद के जिला अध्यक्ष निशांत बतरा मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। वहीं किरयाना एसोसिएशन के अध्यक्ष अशोक व्यास सपरिवार तथा अन्य गणमान्य सदस्यों ने भी कार्यक्रम में शिरकत की। अतिथियों ने रामलीला के मंचन का आनंद लिया और आयोजन की सराहना की।
पांचवें दिन के मंचन में महर्षि विश्वामित्र के साथ भगवान श्रीराम और लक्ष्मण के मिथिला पहुंचने तथा सीता स्वयंवर के प्रसंग को प्रस्तुत किया गया। स्वयंवर में भगवान शिव के धनुष को उठाने और प्रत्यंचा चढ़ाने की चुनौती के बीच भगवान श्रीराम ने धनुष भंग कर माता सीता से विवाह का मार्ग प्रशस्त किया। इस दृश्य के मंचन पर दर्शकों ने जय श्रीराम के जयकारों के साथ कलाकारों का उत्साहवर्धन किया।

देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें। आप हमें फेसबुक, ट्विटर, इंस्ट्राग्राम और यूट्यूब चैनल पर फॉलो कर सकते हैं।