श्रीकृष्ण जन्म की भव्य कथा, नंद महोत्सव में उमड़ा श्रद्धालुओं का सैलाब

43

– श्रीमद् भागवत कथा के चौथे दिन कृष्ण अवतार प्रसंग ने बांधा श्रद्धा का समां
हनुमानगढ़ 
टाउन के ऐतिहासिक भटनेर दुर्ग के समीप स्थित बरकत कॉलोनी, फाटक गौशाला में आयोजित सात दिवसीय श्रीमद् भागवत कथा के चौथे दिन भगवान श्रीकृष्ण जन्म एवं नंद महोत्सव का प्रसंग अत्यंत श्रद्धा, उल्लास और भक्ति भाव के साथ मनाया गया। कथा स्थल पर सजी भव्य झांकियों, संगीतमय भजनों और जयकारों के बीच श्रद्धालु भावविभोर नजर आए। इस पावन आयोजन में प्रख्यात कथा वाचक व्यास पीठ आचार्य श्री दयानंद जी शास्त्री ने श्रीकृष्ण जन्म की कथा का सजीव वर्णन करते हुए बताया कि जब-जब पृथ्वी पर अधर्म बढ़ा, तब-तब भगवान ने अवतार लेकर धर्म की स्थापना की। कारागार में कंस के अत्याचारों के बीच देवकी-वासुदेव के घर भगवान श्रीकृष्ण का अवतरण, योगमाया की लीला, वासुदेव द्वारा शिशु कृष्ण को गोकुल पहुंचाने की कथा ने श्रोताओं को भावविभोर कर दिया। जैसे ही नंद बाबा के आंगन में कृष्ण जन्म का वर्णन हुआ, पूरा पंडाल “नंद के आनंद भयो” के जयघोष से गूंज उठा। कृष्ण जन्म के उपरांत नंद महोत्सव का दृश्य अत्यंत मनोहारी रहा। फूलों की वर्षा, ढोल-नगाड़ों की गूंज और बाल गोपाल की झांकी ने वातावरण को वृंदावनमय बना दिया। श्रद्धालुओं ने नृत्य-गान के साथ प्रभु के जन्मोत्सव का आनंद लिया। इससे पूर्व कथा में समुद्र मंथन, वामन अवतार और श्रीराम अवतार के प्रसंगों का भी विस्तार से वर्णन किया गया। गौ सेवा संस्थान, फाटक गौशाला के अध्यक्ष मुरलीधर गर्ग ने बताया कि इस सात दिवसीय कथा का आयोजन हिसारिया परिवार द्वारा किया जा रहा है। आयोजक अशोक हिसारिया ने जानकारी दी कि कथा का समापन 23 मई, शनिवार को प्रातः 10 बजे से 1 बजे तक सुदामा चरित्र, भगवान दत्तात्रेय के 24 गुरुओं की कथा एवं परीक्षित मोक्ष के साथ होगा। इसके पश्चात पूर्णाहुति, हवन एवं विशाल भंडारे का आयोजन किया जाएगा। इस आयोजन को सफल बनाने में मदनचंद हिसारिया, अशोक हिसारिया, सोनू गोयल सहित समस्त हिसारिया परिवार की सक्रिय भूमिका रही। कथा में बृजलाल हिसारिया, नंदलाल हिसारिया, शिवशंकर मित्तल,ओम प्रकाश हिसारिया,शंकर लाल,सोनू सरिया,प्रदीप गोयल,राहुल हिसारिया,आत्मा राम महिपाल,प्रवीण पोद्दार,सहित अनेक श्रद्धालुओं ने भाग लिया। आयोजकों ने शहरवासियों से अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर श्रीकृष्ण जन्म की इस पावन कथा का श्रवण कर अपने जीवन को धर्ममय बनाने की अपील की।

देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें। आप हमें फेसबुकट्विटरइंस्ट्राग्राम और यूट्यूब चैनल पर फॉलो कर सकते हैं।