शहर में बढ़ रहे हिंसक कुत्तों से दहशत, लोगों की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ी

252

– राष्ट्रीय युवक परिषद ने एडीएम व नगरपरिषद प्रशासक से की कार्रवाई की मांग
हनुमानगढ़। शहर में इन दिनों हिंसक और आवारा कुत्तों की बढ़ती संख्या लोगों के लिए गंभीर समस्या बन चुकी है। आए दिन इन कुत्तों द्वारा राहगीरों को काटने और वाहनों के पीछे दौड़ाने की घटनाएं सामने आ रही हैं। इससे न सिर्फ नागरिकों में भय का माहौल है, बल्कि कई जगहों पर दुर्घटनाएं भी घटित हो चुकी हैं। इस गंभीर मुद्दे को लेकर राष्ट्रीय युवक परिषद के जिलाध्यक्ष एवं सम्भागीय प्रभारी प्रवीण जैन ने एडीएम एवं नगर परिषद प्रशासक को ज्ञापन सौंपकर तत्काल कार्रवाई की मांग की है।
प्रवीण जैन ने बताया कि शहर के कई इलाकों में हिंसक कुत्तों का आतंक लगातार बढ़ रहा है। इनमें प्रमुख रूप से सूरतगढ़ रोड स्थित राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय के पास की गलियां, नगीना मार्ग गांधी नगर में मोदी किराना स्टोर के आसपास, चूना फाटक, क्राउन सिटी कॉलोनी और झूलेलाल मंदिर क्षेत्र, हाउसिंग बोर्ड स्थित सुरेन्द्र वैद के घर के पास पार्क क्षेत्र, सुरेशिया क्षेत्र, सेक्टर नंबर 6 चूना फाटक के नजदीक, और किले के सामने वाले मोहल्ले (हनुमानगढ़ टाउन) शामिल हैं। इन सभी जगहों पर कुत्तों के झुंड दिन-रात लोगों के पीछे पड़ जाते हैं और कई बार बच्चों व बुजुर्गों को काट चुके हैं।
उन्होंने बताया कि दिनांक 3 नवंबर 2025 को रात करीब 11.30 बजे सूरतगढ़ रोड स्थित सरकारी स्कूल के पास एक राहगीर व उसके बच्चे को हिंसक कुत्तों ने हमला कर घायल कर दिया, जिससे स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश व्याप्त है।
प्रवीण जैन ने प्रशासन से मांग की है कि नगर परिषद इस मामले में तत्काल संज्ञान लेते हुए विशेष टीम गठित करे और इन हिंसक कुत्तों को पकड़ने की कार्यवाही शुरू करे, ताकि नागरिक भयमुक्त होकर आवागमन कर सकें। उन्होंने कहा कि यदि जल्द समाधान नहीं हुआ तो परिषद जनहित में उग्र आंदोलन का भी रास्ता अपनाने को मजबूर होगी।
इस मौके पर प्रवीण जैन, वीरेन्द्र जैन, रामगोपाल सैन, संदीप गर्ग, विनोद प्रजापत, नंदलाल, राकेश त्यागी, रणजीत शर्मा, दिनेश मीणा, हनुमान सिंह शेखावत, कीर्ति सेठी, दिनेश शर्मा, सचिन वॉट्स व अन्य सदस्य मौजूद थे।

देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें। आप हमें फेसबुकट्विटरइंस्ट्राग्राम और यूट्यूब चैनल पर फॉलो कर सकते हैं।