जंक्शन में कार्ल मार्क्स की जयंती पर श्रद्धांजलि कार्यक्रम

182
हनुमानगढ़। जंक्शन स्थित शहीद भगत सिंह यादगार केन्द्र में सीटू द्वारा मजदूरों के महान नेता और क्रांतिकारी विचारक कार्ल मार्क्स की जयंती मनाई गई। इस अवसर पर मजदूरों और कार्यकर्ताओं ने कार्ल मार्क्स की तस्वीर पर पुष्पांजलि अर्पित की और उनके दिखाए गए मार्गदर्शन को आत्मसात करने का संकल्प लिया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सीटू जिला सचिव बहादुर सिंह चौहान ने कार्ल मार्क्स के सिद्धांतों को वर्तमान समय में अत्यधिक प्रासंगिक बताया। उन्होंने कहा कि आज के समय में जब देश में अमीर और गरीब के बीच खाई गहरी हो चुकी है, तब कार्ल मार्क्स के विचार मजदूर वर्ग के लिए और भी महत्वपूर्ण हो जाते हैं। चौहान ने आंकड़े प्रस्तुत करते हुए बताया कि वर्तमान में देश की 40 फीसदी से ज्यादा सम्पत्ति सिर्फ 1 फीसदी लोगों के पास है, जबकि शेष 60 फीसदी सम्पत्ति में 99 फीसदी लोग अपना जीवन बसर कर रहे हैं।
ऐसे में मार्क्स के विचारों को आत्मसात करना और उनके सिद्धांतों पर चलना अत्यंत आवश्यक हो गया है।
कार्यक्रम में विधानसभा प्रत्याशी रघुवीर वर्मा ने भी कार्ल मार्क्स को सर्वहारा वर्ग का महान नेता बताया और कहा कि मार्क्स ने दुनिया के मजदूरों को एकजुट होने का आह्वान किया था। उन्होंने पूंजीवाद और साम्राज्यवाद के खिलाफ संघर्ष को तेज करने की आवश्यकता पर बल दिया। सीटू के कार्यकर्ताओं ने एकजुटता और संघर्ष के माध्यम से कार्ल मार्क्स के विचारों को जीवित रखने का संकल्प लिया। मजदूरों ने पूंजीवाद का खात्मा हो, मजदूरों का राज हो जैसे नारों ने वातावरण को और भी जोशपूर्ण बना दिया। कार्यक्रम में गोपाल ठाकुर, सत्य प्रकाश चौधरी, गुरप्रेम सिंह, बसंत सिंह, रिछपाल सिंह, मुकद्दर अली, नारायण और यासिन खान जैसे प्रमुख नेताओं ने भी अपने विचार व्यक्त किए। सभी ने मजदूरों के अधिकारों के लिए कार्ल मार्क्स के सिद्धांतों को लागू करने का संकल्प लिया और पूंजीवादी व्यवस्था के खिलाफ संघर्ष तेज करने की बात की।

ताजा अपडेट्स के लिए आप पञ्चदूत मोबाइल ऐप डाउनलोड कर सकते हैं, ऐप को इंस्टॉल करने के लिए यहां क्लिक करें.. इसके अलावा आप हमें फेसबुकट्विटरइंस्ट्राग्राम और यूट्यूब चैनल पर फॉलो कर सकते हैं।