20 दिन से पानी संकट पर फूटा वार्डवासियों का गुस्सा

23

-जंक्शन गांधीनगर क्षेत्र में जलदाय विभाग का घेराव, दो दिन में आपूर्ति बहाल करने का आश्वासन
हनुमानगढ़। जंक्शन के गांधीनगर क्षेत्र में पिछले करीब 20 दिनों से पेयजल आपूर्ति बाधित रहने से परेशान वार्डवासियों का गुस्सा मंगलवार को फूट पड़ा। लगातार समस्या के बावजूद समाधान नहीं होने से आक्रोशित सैकड़ों लोगों ने पार्षद गुरदीप सिंह बराड़ ‘बब्बी’ के नेतृत्व में जलदाय विभाग के कार्यालय का घेराव कर जोरदार विरोध प्रदर्शन किया।
प्रदर्शन के दौरान वार्डवासियों ने विभाग के खिलाफ नारेबाजी करते हुए जल्द से जल्द पानी की आपूर्ति सुचारू करने की मांग उठाई। लोगों का कहना था कि पिछले कई दिनों से उन्हें पीने के पानी के लिए इधर-उधर भटकना पड़ रहा है। गर्मी के मौसम में पानी की किल्लत ने हालात और भी गंभीर बना दिए हैं। कई परिवारों को निजी टैंकरों के सहारे पानी की व्यवस्था करनी पड़ रही है, जिससे आर्थिक बोझ भी बढ़ रहा है।
पार्षद गुरदीप सिंह बराड़ ने कहा कि बार-बार शिकायतों के बावजूद विभाग द्वारा समस्या का समाधान नहीं किया गया, जिसके चलते वार्डवासियों को सड़क पर उतरना पड़ा। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द ही स्थिति में सुधार नहीं हुआ तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।
वहीं, मौके पर पहुंचे जलदाय विभाग के अधिकारियों ने वार्डवासियों को आश्वस्त किया कि समस्या का समाधान प्राथमिकता के आधार पर किया जा रहा है और आगामी दो दिनों के भीतर पेयजल आपूर्ति पूरी तरह बहाल कर दी जाएगी। अधिकारियों ने बताया कि तकनीकी कारणों और लाइन में आई खराबी के चलते आपूर्ति बाधित हुई थी, जिसे ठीक करने का कार्य जारी है।

देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें। आप हमें फेसबुकट्विटरइंस्ट्राग्राम और यूट्यूब चैनल पर फॉलो कर सकते हैं।