Home अन्य सोशल मीडिया आखिर क्या है ‘Cockroach Janta Party’? मैनिफेस्टो पढ़ने के बाद 56 लाख...

आखिर क्या है ‘Cockroach Janta Party’? मैनिफेस्टो पढ़ने के बाद 56 लाख से ज्यादा लोग जुड़े, जानें सबकुछ

52

सोशल मीडिया की दुनिया में कब क्या वायरल हो जाए, इसका अंदाजा लगाना मुश्किल है। यहां रोज नए-नए ट्रेंड सामने आते हैं और कई बार अजीबोगरीब नाम या कंटेंट भी लोगों का खूब ध्यान खींच लेते हैं। इन दिनों इंटरनेट पर ऐसा ही एक नाम तेजी से चर्चा में है ‘Cockroach Janta Party’ इंस्टाग्राम और X (ट्विटर) जैसे सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर इस नाम के अकाउंट तेजी से लोकप्रिय हो रहे हैं।

अपने अलग और मजेदार नाम की वजह से यह अकाउंट लोगों के बीच चर्चा का विषय बन गया है। कॉकरोच जनता पार्टी’ (CJP) बनने के 5 दिन के भीतर इंस्टाग्राम पर इसके 56 लाख से ज्यादा और X पर करीब 1 लाख 21 हजार फॉलोअर्स हो गए हैं। इनमें से 30 लाख लोग एक दिन में ही जुड़ चुके हैं। इसका नारा है- ‘सेक्युलर, सोशलिस्ट, डेमोक्रेटिक, लेजी।’

वेबसाइट भी बनी चर्चा का कारण
सिर्फ सोशल मीडिया ही नहीं, ‘Cockroach Janta Party’ के नाम से एक वेबसाइट भी बनाई गई है। वेबसाइट खोलने पर सबसे पहले एक दिलचस्प लाइन दिखाई देती है, जिसमें इसे “आलसी और बेरोजगार लोगों की आवाज” बताया गया है। सोशल मीडिया यूजर्स इस अनोखे नाम और मजेदार कंटेंट को खूब पसंद कर रहे हैं, जिसकी वजह से यह तेजी से वायरल हो रहा है। हालांकि, फॉलोअर्स की संख्या समय के साथ बदल सकती है।

क्या है था Cockroach वाला मामला?
इस पूरी कहानी की शुरुआत 15 मई को सुप्रीम कोर्ट में हुई एक सुनवाई से हुई। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, देश के चीफ जस्टिस सूर्यकांत ने कथित तौर पर कुछ लोगों की तुलना ‘कॉकरोच’ (तिलचट्टों) से कर दी थी। उन्होंने कहा था, “कुछ युवा कॉकरोच की तरह होते हैं, जिन्हें कोई नौकरी या काम नहीं मिलता। उनमें से कुछ मीडिया, कुछ सोशल मीडिया या RTI एक्टिविस्ट बन जाते हैं और दूसरों पर निशाना साधना शुरू कर देते हैं।” हालांकि, बाद में चीफ जस्टिस ने सफाई दी कि उनके बयान को मीडिया ने गलत तरीके से दिखाया और वे केवल फर्जी डिग्री लेकर वकालत में आने वाले लोगों की बात कर रहे थे। लेकिन तब तक यह बयान देश के बेरोजगार युवाओं को चुभ चुका था।

Cockroach Janta Party ने जारी किया मैनिफेस्टो

  • अगर CJP यानी कॉकरोच जनता पार्टी सरकार में आती है तो रिटायरमेंट के बाद किसी भी CJI को राज्यसभा जाने का रिवॉर्ड नहीं मिलेगा।
  • अगर कोई वैध वोट डिलीट किया जाएगा, चाहे उस राज्य में CJP की सरकार हो या विपक्ष की, चुनाव आयोग को UAPA में गिरफ्तार किया जाएगा क्योंकि किसी के वोटिंग का अधिकार छीनना आतंकवाद से कम नहीं।
  • महिलाओं के लिए 50% का आरक्षण होगा, न कि 33%. और इसके लिए सांसदों की संख्या भी नहीं बढ़ाई जाएगी। कैबिनेट में भी महिलाओं के लिए 50% आरक्षण होगा।
  • अंबानी और अडानी के सभी मीडिया संस्थानों के लाइसेंस रद्द किए जाएंगे, ताकि वास्तव में स्वतंत्र मीडिया को जगह मिल सके। गोदी मीडिया एंकरों के बैंक अकाउंट्स की भी जांच कराई जाएगी।
  • अगर कोई विधायक या सांसद दूसरी पार्टी में पाला बदलकर जाता है तो उसके चुनाव लड़ने पर पाबंदी लगाई जाएगी। उसे अगले 20 साल तक किसी भी पब्लिक ऑफिस में कोई पद नहीं दिया जाएगा।

बड़े नेताओं और दिग्गजों का मिला साथ
इस आंदोलन की ताकत तब और बढ़ गई जब तृणमूल कांग्रेस (TMC) की नेता महुआ मोइत्रा और कीर्ति आजाद जैसे बड़े राजनेताओं ने भी इस ‘पार्टी’ में शामिल होने की इच्छा जताई। यही नहीं, दुनिया की पहली मुफ्त ईमेल सर्विस ‘हॉटमेल’ (Hotmail) के मालिक और मशहूर भारतीय-अमेरिकी बिजनेसमैन सबीर भाटिया ने भी इंस्टाग्राम पर एक वीडियो शेयर कर इस पार्टी की तारीफ की है। इसके अलावा बॉलीवुड की कई नामी हस्तियां भी इस पार्टी से जुड़ गई हैं।

पंचदूत अब व्हाट्सएप चैनल पर उपलब्ध है। लिंक पर क्लिक करें और अपने चैट पर पंचदूत की सभी ताज़ा खबरें पाएं।

किसने बनाई कॉकरोच जनता पार्टी?
इस पार्टी की शुरुआत अभिजीत दीपके नाम के 30 साल के भारतीय छात्र ने की है, जो इस समय बोस्टन यूनिवर्सिटी में पब्लिक रिलेशंस की पढ़ाई कर रहे हैं। उन्होंने एक इंटरव्यू में बताया कि यह विचार उन्हें अचानक आया, जब उन्होंने बेरोजगार युवाओं को लेकर की गई टिप्पणी के बारे में सुना। दीपके के मुताबिक, उन्होंने यह पहल इसलिए शुरू की क्योंकि आज के युवा खुद को मौजूदा राजनीतिक दलों से जुड़ा हुआ महसूस नहीं करते। उन्होंने यह भी कहा कि इस पहल का मकसद युवाओं को एक्टिव बनाना, समाज से जोड़ना है। अभिजीत दीपके के बारें में ये भी कहा जाता है वो 2020 से 2023 तक आम आदमी पार्टी (AAP) की सोशल मीडिया टीम में वॉलंटियर भी रह चुके हैं।