राजस्थान के किशनगढ़ में स्थित एक मार्बल डंपिंग यार्ड (Rajasthan Dumping Yard) इन दिनों सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। दूर से देखने पर यह जगह किसी बर्फीले इलाके जैसी दिखाई देती है। सफेद चमकदार मैदान, झील जैसा दृश्य और आकर्षक लोकेशन। यही वजह है कि बड़ी संख्या में लोग इसे हिडन टूरिस्ट स्पॉट मानकर यहां पहुंच रहे हैं।
हालांकि, इस जगह की सच्चाई इससे बिल्कुल अलग और कहीं ज्यादा चिंताजनक है। यह सफेद परत दरअसल मार्बल स्लरी का कचरा है, जिसे रोजाना सैकड़ों टैंकरों के जरिए यहां डंप किया जाता है। अनुमान के मुताबिक, हर दिन लगभग 22 लाख लीटर मार्बल का गीला कचरा इस साइट पर डाला जाता है, जो सूखकर सफेद धूल की मोटी परत में बदल जाता है।
ये भी पढ़ें: AI Data Center आपके पानी और बिजली पर कब्ज़ा करने आ रहे हैं? देखिए कैसे
विशेषज्ञों के अनुसार, यह धूल पर्यावरण और मानव स्वास्थ्य दोनों के लिए बेहद हानिकारक है। इसमें मौजूद महीन कण सांस के जरिए शरीर में प्रवेश कर सकते हैं, जिससे फेफड़ों से जुड़ी गंभीर बीमारियां, जैसे सिलिकोसिस, होने का खतरा बढ़ जाता है। यह बीमारी राजस्थान के कई इलाकों में पहले ही गंभीर रूप ले चुकी है और साल 2015 में इसे महामारी घोषित किया जा चुका है।
ये भी पढ़ें: India Tourism Reality: भारत को टूरिस्ट क्यों नहीं चुनते? जानिए इस VIDEO में इसके 5 बड़े कारण
इसके बावजूद, इस जगह पर लोगों की भीड़ लगातार बढ़ रही है। जानकारी के अनुसार, रोजाना करीब 5,000 लोग यहां पहुंचते हैं, जबकि वीकेंड और छुट्टियों में यह संख्या 20,000 तक पहुंच जाती है। सोशल मीडिया पर वायरल तस्वीरें और वीडियो इस ट्रेंड को और बढ़ावा दे रहे हैं।
चैनल को सब्सक्राइब करें…
हैरानी की बात यह भी है कि इस स्थान को एक टूरिस्ट स्पॉट के रूप में विकसित करने की तैयारी की जा रही है। यहां हेलिपैड, सीसीटीवी और अन्य सुविधाएं विकसित करने की योजनाएं सामने आई हैं। इससे पहले इस लोकेशन पर दबंग 3 और किस किसको प्यार करूं जैसी फिल्मों के गानों की शूटिंग भी हो चुकी है, जिससे इसकी लोकप्रियता और बढ़ी है।
हालांकि, इस प्रचार के बीच सबसे अहम पहलू स्वास्थ्य जोखिम लगभग नजरअंदाज कर दिया गया है। इंटरनेट पर भी इस जगह के खतरों को लेकर पर्याप्त जानकारी उपलब्ध नहीं है, जिससे लोग बिना जागरूकता के यहां पहुंच रहे हैं।

यह पूरा ट्रेंड एक गंभीर सवाल खड़ा करता है। क्या सोशल मीडिया पर लाइक्स और व्यूज के लिए लोग अपनी सेहत को जोखिम में डाल रहे हैं? विशेषज्ञों का मानना है कि ऐसी जगहों पर जाने से पहले पूरी जानकारी होना बेहद जरूरी है।
यह मामला सिर्फ एक वायरल लोकेशन का नहीं, बल्कि जागरूकता की कमी का भी है। क्योंकि हर खूबसूरत दिखने वाली जगह सुरक्षित नहीं होती, और एक गलत फैसला लंबे समय तक नुकसान पहुंचा सकता है।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें। आप हमें फेसबुक, ट्विटर, इंस्ट्राग्राम और यूट्यूब चैनल पर फॉलो कर सकते हैं।




































