‘बाहुबली’ का सिंहासन रणवीर सिंह ने हिलाया, Dhurandhar 2 ने तोड़ा प्रभास का 9 साल पुराना रिकॉर्ड

190

रणवीर सिंह की फिल्म ‘धुरंधर 2: द रिवेंज’ बॉक्स ऑफिस पर रुकने का नाम ही नहीं ले रही है। 19 मार्च को रिलीज हुई इस फिल्म को कई हफ्ते हो चुके हैं, लेकिन थिएटर्स में इसका जलवा अब भी कायम है। एक्शन और स्पाई ड्रामा से भरपूर इस फिल्म ने अब ऐसा कारनामा कर दिखाया है, जिसे सुनकर हर कोई हैरान है। फिल्म ने ‘बाहुबली 2: द कन्क्लूजन’ (Dhurandhar 2 Breaks Baahubali 2 Record) का 9 साल पुराना नॉर्थ अमेरिका बॉक्स ऑफिस रिकॉर्ड तोड़ दिया है।

‘धुरंधर 2’ का बॉक्स ऑफिस पर तूफानी सफर
फिल्म की कमाई की बात करें तो ‘धुरंधर 2’ ने दुनियाभर में जबरदस्त कलेक्शन किया है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, फिल्म का वर्ल्डवाइड ग्रॉस 1363.15 करोड़ रुपये तक पहुंच चुका है। इसमें भारत से करीब 1013.15 करोड़ रुपये और ओवरसीज मार्केट से 350 करोड़ रुपये की कमाई शामिल है। वहीं नेट कलेक्शन की बात करें तो यह आंकड़ा 847.87 करोड़ रुपये तक पहुंच गया है, जो इसे साल की सबसे बड़ी हिट फिल्मों में शामिल करता है।

‘बाहुबली 2’ का रिकॉर्ड टूटा, नॉर्थ अमेरिका में नया इतिहास
अब तक नॉर्थ अमेरिका में सबसे ज्यादा कमाई करने वाली भारतीय फिल्म का रिकॉर्ड ‘बाहुबली 2’ के नाम था, जिसने 20 मिलियन डॉलर से ज्यादा की कमाई की थी। लेकिन ‘धुरंधर 2’ ने इस रिकॉर्ड को पीछे छोड़ते हुए 22 मिलियन डॉलर से ज्यादा का कलेक्शन कर लिया है। इसी के साथ फिल्म ने नया इतिहास रच दिया है।

‘बाहुबली’ टीम ने दी बधाई, सोशल मीडिया पर जश्न
रिकॉर्ड टूटने के बाद ‘बाहुबली 2’ की टीम ने भी खुलकर ‘धुरंधर 2’ की तारीफ की। फिल्म के मेकर्स ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर पोस्ट शेयर करते हुए पूरी टीम को बधाई दी और इसे नया बॉक्स ऑफिस बेंचमार्क बताया।
वहीं, ‘बाहुबली 2’ के प्रोड्यूसर शोबू यारलागड्डा ने भी फिल्म देखने के बाद अपनी खुशी जाहिर की। उन्होंने लिखा कि उन्हें फिल्म बेहद पसंद आई और यह देखना शानदार है कि यह फिल्म लगातार नए रिकॉर्ड बना रही है।

कंटेंट से लेकर स्टारकास्ट, म्यूजिक तक, हर जगह चर्चा में फिल्म
आदित्य धर के निर्देशन में बनी इस फिल्म में रणवीर सिंह के साथ संजय दत्त, अर्जुन रामपाल, आर. माधवन, राकेश बेदी और सारा अर्जुन अहम भूमिकाओं में नजर आ रहे हैं। फिल्म की कहानी एक अंडरकवर भारतीय खुफिया एजेंट के इर्द-गिर्द घूमती है, जो कराची में घुसकर अपराध और राजनीति की जड़ों तक पहुंचता है। उसका मिशन 26/11 हमलों का बदला लेना है, लेकिन इस दौरान उसे कई बड़े खतरों का सामना करना पड़ता है।

पंचदूत अब व्हाट्सएप चैनल पर उपलब्ध है। लिंक पर क्लिक करें और अपने चैट पर पंचदूत की सभी ताज़ा खबरें पाएं।

‘धुरंधर 2’ सिर्फ कमाई ही नहीं कर रही, बल्कि अपने कंटेंट, पॉलिटिकल एंगल, परफॉर्मेंस और म्यूजिक को लेकर भी दुनियाभर में चर्चा में है। खास बात यह है कि फिलहाल कोई बड़ी हिंदी फिल्म रिलीज के लिए तैयार नहीं है, ऐसे में ‘धुरंधर 2’ के पास बॉक्स ऑफिस पर और लंबा राज करने का मौका है। कुल मिलाकर, रणवीर सिंह की यह फिल्म सिर्फ एक हिट नहीं, बल्कि एक ट्रेंड बन चुकी है, जो हर दिन नए रिकॉर्ड बनाकर इंडस्ट्री को चौंका रही है।

देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें। आप हमें फेसबुकट्विटरइंस्ट्राग्राम और यूट्यूब चैनल पर फॉलो कर सकते हैं।