Kedarnath Temple भारत के सबसे पवित्र तीर्थ स्थलों में से एक माना जाता है। भगवान शिव के 12 ज्योतिर्लिंगों में शामिल यह मंदिर चारधाम यात्रा का भी अहम हिस्सा है। करीब 1200 साल पुराने इस मंदिर में हर साल लाखों श्रद्धालु दर्शन के लिए पहुंचते हैं। बर्फ से ढके हिमालयी पहाड़ों के बीच बना यह प्राचीन मंदिर अपनी अद्भुत संरचना और कठिन मौसम के बावजूद सदियों से अडिग खड़ा है।
अब केदारनाथ यात्रा 2026 शुरू होने वाली है, ऐसे में अगर आप भी दर्शन की योजना बना रहे हैं तो यह पूरी जानकारी आपके लिए बेहद जरूरी है।
कब से शुरू होगी केदारनाथ यात्रा 2026 (Kedarnath Yatra Registration 2026)
साल 2026 में केदारनाथ यात्रा की शुरुआत 22 अप्रैल से होगी। इस दिन वैदिक मंत्रोच्चार और विधि-विधान के साथ मंदिर के कपाट श्रद्धालुओं के लिए खोल दिए जाएंगे।
ये भी पढ़ें: चार धाम यात्रा शुरू, बाबा केदारनाथ के घर बैठे करें दर्शन, देखें वीडियो
रजिस्ट्रेशन है जरूरी
केदारनाथ यात्रा पर जाने से पहले रजिस्ट्रेशन कराना अनिवार्य है। बिना रजिस्ट्रेशन के यात्रा की अनुमति नहीं मिलेगी।
ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन के लिए उत्तराखंड पर्यटन की आधिकारिक वेबसाइट या मोबाइल ऐप का इस्तेमाल किया जा सकता है। इसके अलावा अधिकृत काउंटर पर ऑफलाइन रजिस्ट्रेशन भी कराया जा सकता है। रजिस्ट्रेशन के दौरान आधार कार्ड, पैन कार्ड या पासपोर्ट जैसे पहचान पत्र की जरूरत होती है और यात्रा के दौरान बायोमेट्रिक वेरिफिकेशन भी किया जाता है।
हेलीकॉप्टर बुकिंग कैसे करें
अगर आप ट्रैकिंग नहीं करना चाहते, तो हेलीकॉप्टर सेवा भी उपलब्ध है। इसके लिए IRCTC की HeliYatra वेबसाइट से बुकिंग की जा सकती है। ध्यान रखें कि हेलीकॉप्टर टिकट बुक करने से पहले रजिस्ट्रेशन पूरा होना जरूरी है। एक आईडी से सीमित टिकट ही बुक किए जा सकते हैं। मुख्य रूट्स में फाटा, गुप्तकाशी और सिरसी से केदारनाथ तक की सेवाएं शामिल हैं।
ट्रेकिंग रूट और दूरी
केदारनाथ पहुंचने का सबसे लोकप्रिय रास्ता गौरीकुंड से शुरू होता है। यहां से मंदिर तक करीब 16 से 20 किलोमीटर का ट्रेक करना पड़ता है। यह यात्रा आमतौर पर 6 से 8 घंटे में पूरी होती है, जो आपकी गति और मौसम पर निर्भर करती है। जो लोग पैदल नहीं चल सकते, उनके लिए खच्चर, घोड़ा और पालकी की सुविधा भी उपलब्ध रहती है।
यात्रा के लिए सबसे अच्छा समय
केदारनाथ जाने का सबसे सही समय मई से जून और सितंबर से अक्टूबर के बीच माना जाता है। इस दौरान मौसम अपेक्षाकृत साफ और सुहावना रहता है। जुलाई और अगस्त में भारी बारिश, भूस्खलन और बाढ़ का खतरा रहता है, इसलिए इस समय यात्रा से बचना चाहिए।

यात्रा के दौरान जरूरी बातें
केदारनाथ यात्रा पर जाते समय गर्म कपड़े जरूर साथ रखें, क्योंकि गर्मियों में भी वहां ठंड काफी ज्यादा रहती है।
ट्रेकिंग के लिए आरामदायक जूते पहनें और पानी, एनर्जी ड्रिंक व हल्का खाना साथ रखें। साथ ही फर्स्ट एड किट, पावर बैंक, रेनकोट और रजिस्ट्रेशन स्लिप जरूर रखें। ज्यादा सामान ले जाने से बचें, ताकि यात्रा में परेशानी न हो।
चैनल को सब्सक्राइब करें
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें। आप हमें फेसबुक, ट्विटर, इंस्ट्राग्राम और यूट्यूब चैनल पर फॉलो कर सकते हैं।




































