-8 घंटे कार्यदिवस की लड़ाई को बताया ऐतिहासिक, श्रम कानूनों पर जताई चिंता
हनुमानगढ़। अंतर्राष्ट्रीय मजदूर दिवस के अवसर पर शुक्रवार को शहीद भगत सिंह यादगार केंद्र में सेंट्रल वेयरहाउस के सदस्यों द्वारा मई दिवस हर्षोल्लास और जोश के साथ मनाया गया। कार्यक्रम की शुरुआत लाल झंडारोहण से हुई, जिसमें वेयरहाउस यूनियन के प्रधान शिव कुमार ने ध्वजारोहण कर श्रमिक आंदोलन के शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित की। इस अवसर पर बड़ी संख्या में मजदूर और यूनियन सदस्य उपस्थित रहे।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में अखिल भारतीय किसान सभा के राष्ट्रीय महासचिव वीजी कृष्णन्, सीटू जिला महासचिव शेर सिंह शाक्य और गुरप्रेम सिंह मौजूद रहे। अपने संबोधन में वीजी कृष्णन् ने कहा कि वर्ष 1886 में अमेरिका के मजदूरों द्वारा 8 घंटे के कार्यदिवस की मांग को लेकर की गई ऐतिहासिक हड़ताल ने दुनिया भर के श्रमिकों को एक नई दिशा दी। उन्होंने कहा कि यह संघर्ष आज भी प्रासंगिक है और मजदूरों के अधिकारों की रक्षा के लिए एकजुटता बेहद जरूरी है।
उन्होंने केंद्र सरकार की श्रम नीतियों पर चिंता जताते हुए कहा कि नए श्रम कानूनों के जरिए काम के घंटे बढ़ाकर 12 घंटे करने की कोशिश की जा रही है, जो मजदूरों के हित में नहीं है। उन्होंने स्पष्ट किया कि मजदूर वर्ग ऐसे किसी भी फैसले को स्वीकार नहीं करेगा।
इस मौके पर अमित वर्मा, महेश, धनराज, फिरोज, इकबाल, विनय, वली शेर, सुल्तान खान, सुखपाल, सुधीर और राजेश सहित अनेक वेयरहाउस यूनियन सदस्य उपस्थित रहे। कार्यक्रम के अंत में सभी ने मजदूर एकता को मजबूत करने का संकल्प लिया।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें। आप हमें फेसबुक, ट्विटर, इंस्ट्राग्राम और यूट्यूब चैनल पर फॉलो कर सकते हैं।



































