सोमनाथ स्वाभिमान पर्व-2026 के तहत हनुमानगढ़ में धार्मिक आयोजन

44

-कलश यात्रा, रुद्राभिषेक और महाआरती के साथ दिखाया गया सोमनाथ मंदिर कार्यक्रम का सीधा प्रसारण
हनुमानगढ़। देवस्थान विभाग, राजस्थान सरकार की ओर से “सोमनाथ स्वाभिमान पर्व-2026” के तहत सोमवार को हनुमानगढ़ में विभिन्न धार्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। यह आयोजन ईस्वी 1026 में सोमनाथ मंदिर पर हुए आक्रमण के 1000 वर्ष तथा स्वतंत्रता के बाद वर्ष 1951 में पुनर्निर्मित सोमनाथ मंदिर के पुनः उद्घाटन के 75 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में आयोजित किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं एवं गणमान्य नागरिकों ने भाग लेकर धार्मिक आस्था और सांस्कृतिक गौरव का संदेश दिया।
हनुमानगढ़ टाउन स्थित सनातन धर्म महावीर दल परिसर में आयोजित कार्यक्रम की शुरुआत प्रातः 9 बजे कलश यात्रा से हुई। इसके बाद वैदिक मंत्रोच्चार के साथ भगवान शिव का पूजन, रुद्राभिषेक एवं विशेष श्रृंगार किया गया। श्रद्धालुओं ने भजन-गायन में भाग लेकर वातावरण को भक्तिमय बना दिया। कार्यक्रम में सामूहिक महाआरती का आयोजन भी किया गया, जिसमें उपस्थित श्रद्धालुओं ने देश एवं समाज की सुख-समृद्धि की कामना की। अंत में प्रसाद वितरण किया गया।
इस अवसर पर गुजरात स्थित सोमनाथ मंदिर में आयोजित राष्ट्रीय शिखर कार्यक्रम का टीवी के माध्यम से सीधा प्रसारण भी दिखाया गया, जिसे उपस्थित लोगों ने उत्साहपूर्वक देखा। कार्यक्रम के दौरान राजस्थान के प्रमुख शिवालयों, द्वादश ज्योतिर्लिंगों तथा “सोमनाथ स्वाभिमान पर्व- अखंड आस्था के 1000 वर्ष” विषय पर विशेष परिचर्चा आयोजित की गई। वक्ताओं ने सोमनाथ मंदिर के इतिहास, उसकी सांस्कृतिक महत्ता तथा भारत की आस्था और स्वाभिमान के प्रतीक के रूप में उसकी भूमिका पर प्रकाश डाला।
कार्यक्रम में अतिरिक्त जिला कलक्टर उम्मेदी लाल मीणा, भाजपा जिलाध्यक्ष प्रमोद डेलू, प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य भारत भूषण शर्मा, जिला उपाध्यक्ष ओम सोनी, जुगल किशोर गौड़, जिला प्रवक्ता आशीष पारीक, पूर्व पार्षद लीलाधर पारीक,  व्यापार मंडल शिक्षा समिति अध्यक्ष बालकृष्ण गोल्याण, श्री महावीर दल न्यास के पदाधिकारी अध्यक्ष प्रेमरत्न पारीक, सचिव प्रहलाद गुप्ता, पवन खदरीया, कुलदीप जैन सहित अनेक गणमान्यजन उपस्थित रहे।

देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें। आप हमें फेसबुकट्विटरइंस्ट्राग्राम और यूट्यूब चैनल पर फॉलो कर सकते हैं।