जरूरतमंद बच्चों को बांटे बैग व पाठ्य सामग्री

27

-डॉ. बी. आर. अम्बेडकर जयंती समारोह समिति ने सामाजिक सरोकार निभाया
हनुमानगढ़। डॉ. बी. आर. अम्बेडकर जयंती समारोह समिति की ओर से सामाजिक सरोकार की भावना के तहत जंक्शन स्थित 100 फुटी रोड सुरेशिया के महात्मा गांधी विद्यालय में जरूरतमंद परिवारों के बच्चों को स्कूल बैग एवं पाठ्य सामग्री वितरित की गई। कार्यक्रम का उद्देश्य आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के बच्चों को शिक्षा के प्रति प्रेरित करना और उन्हें पढ़ाई से जुड़े रहने के लिए आवश्यक सामग्री उपलब्ध करवाना रहा।
समारोह में समिति अध्यक्ष दलीप कुमार मीणा ने कहा कि बाबा साहेब डॉ. भीमराव अम्बेडकर ने समाज को शिक्षा का महत्व बताते हुए शिक्षित बनने का संदेश दिया था। उसी विचारधारा को आगे बढ़ाते हुए समिति द्वारा समय-समय पर सामाजिक कार्यक्रम आयोजित किए जाते हैं। उन्होंने कहा कि हर बच्चे को शिक्षा का अधिकार है और समाज के सक्षम लोगों को जरूरतमंद बच्चों की सहायता के लिए आगे आना चाहिए। शिक्षा ही वह माध्यम है, जिससे समाज में समानता और जागरूकता लाई जा सकती है।
कार्यक्रम के दौरान बच्चों को स्कूल बैग, कॉपियां, पेन, पेंसिल सहित अन्य जरूरी पाठ्य सामग्री वितरित की गई। सामग्री पाकर बच्चों के चेहरे खिल उठे और अभिभावकों ने भी समिति के इस प्रयास की सराहना की। विद्यालय परिसर में आयोजित इस कार्यक्रम में शिक्षा के महत्व पर भी चर्चा की गई तथा बच्चों को मन लगाकर पढ़ाई करने के लिए प्रेरित किया गया। इस अवसर पर समिति के कोषाध्यक्ष डॉ. ओ. पी. मौसलपुरिया, सदस्य दानाराम मीणा, हेमचंद मांडिया, सुरेंद्र खटीक एवं रामस्वरूप बौद्ध उपस्थित रहे। सभी सदस्यों ने बच्चों को उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं।
कार्यक्रम के अंत में विद्यालय की प्राचार्य श्रीमती सरोज सहारण ने डॉ. बी. आर. अम्बेडकर जयंती समारोह समिति का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इस प्रकार के सामाजिक प्रयास जरूरतमंद विद्यार्थियों के लिए बेहद प्रेरणादायक होते हैं। उन्होंने समिति के सदस्यों के कार्यों की सराहना की। इस दौरान विद्यालय स्टाफ की श्रीमती जसविंदर कौर एवं श्रीमती उमा शर्मा भी मौजूद रहीं।

देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें। आप हमें फेसबुकट्विटरइंस्ट्राग्राम और यूट्यूब चैनल पर फॉलो कर सकते हैं।