अलाइन स्किल्स एड्यूटेक में जागरूकता सेमीनार, स्टंटबाज युवाओं को दी चेतावनी

46

हनुमानगढ़। जिले में युवाओं द्वारा सड़कों पर खतरनाक स्टंट करने, मॉडिफाइड बाइक चलाने और यातायात नियमों की लगातार अवहेलना को देखते हुए यातायात पुलिस ने सख्त रुख अपनाया है। जिला पुलिस अधीक्षक नरेन्द्र सिंह मीणा के निर्देशानुसार यातायात थाना हनुमानगढ़ द्वारा सड़क सुरक्षा जीवन रक्षा अभियान के तहत जंक्शन स्थित अलाइन स्किल्स एड्यूटेक में जागरूकता सेमीनार आयोजित किया गया। कार्यक्रम में युवाओं और विद्यार्थियों को यातायात नियमों की पालना का महत्व समझाया गया।
सेमीनार को संबोधित करते हुए यातायात थाना प्रभारी अनिल चिन्दा ने कहा कि यातायात पुलिस या सड़क किसी की दुश्मन नहीं होती, जब तक व्यक्ति नियमों का पालन करता है। जैसे ही कोई व्यक्ति नियमों की अनदेखी करता है, दुर्घटना का खतरा बढ़ जाता है। उन्होंने कहा कि यातायात पुलिस तो केवल चालान काट सकती है या वाहन सीज कर सकती है, लेकिन सड़क पर हुई एक गलती किसी निर्दाेष व्यक्ति की जान भी ले सकती है।
उन्होंने युवाओं को विशेष रूप से चेतावनी देते हुए कहा कि आजकल कई युवा बाइक में मॉडिफाइड साइलेंसर लगवाकर बिना हेलमेट स्टंट करते हुए नजर आते हैं। पुलिस द्वारा दिन में कार्रवाई शुरू करने के बाद अब कुछ युवक रात के समय सड़कों पर हुड़दंग और स्टंटबाजी कर रहे हैं। इसे गंभीरता से लेते हुए जिला पुलिस अधीक्षक के निर्देशानुसार अब रात्रिकालीन अभियान भी शुरू किया गया है और लगातार कार्रवाई की जा रही है।

देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें। आप हमें फेसबुकट्विटरइंस्ट्राग्राम और यूट्यूब चैनल पर फॉलो कर सकते हैं।