नाजिया इलाही खान के खिलाफ कार्रवाई की मांग को लेकर मुस्लिम समाज का रोष मार्च

26

– कलेक्ट्रेट पहुंचकर जिला कलेक्टर व एसपी को सौंपा ज्ञापन, धार्मिक भावनाएं आहत करने का लगाया आरोप
हनुमानगढ़। नाजिया इलाही खान के कथित विवादित बयान के विरोध में सोमवार को मुस्लिम समाज के लोगों ने खुंजा कब्रिस्तान से जिला कलेक्ट्रेट तक रोष मार्च निकाला। बड़ी संख्या में समाज के लोग हाथों में तख्तियां लेकर शांतिपूर्ण ढंग से कलेक्ट्रेट पहुंचे, जहां जिला कलेक्टर एवं पुलिस अधीक्षक को ज्ञापन सौंपकर कानूनी कार्रवाई की मांग की।
ज्ञापन में पीर लुकमान, काले खान नवा, पार्षद अब्दुल हाफिज, इस्ताक भाटी ने बताया कि उन्होंने 27 जून 2026 को एक यूट्यूब पॉडकास्ट देखा, जिसमें नाजिया इलाही खान द्वारा इस्लाम के पैगम्बर हजरत मोहम्मद साहब एवं उनकी पत्नी हजरत आयशा के संबंध में कथित रूप से आपत्तिजनक एवं अमर्यादित टिप्पणियां की गईं। उनका आरोप है कि इस प्रकार की टिप्पणियों से मुस्लिम समाज की धार्मिक भावनाएं आहत हुई हैं तथा समाज में वैमनस्य फैलाने का प्रयास किया गया है।
ज्ञापन में आरोप लगाया गया कि ऐसे बयान सामाजिक सौहार्द एवं आपसी भाईचारे के लिए उचित नहीं हैं और इनसे धार्मिक भावनाएं भड़क सकती हैं। समाज के प्रतिनिधियों ने मांग की कि मामले की निष्पक्ष जांच कर संबंधित व्यक्ति के विरुद्ध विधि सम्मत कानूनी कार्रवाई की जाए, ताकि भविष्य में कोई भी व्यक्ति किसी धर्म विशेष की भावनाओं को आहत करने का प्रयास न करे।
रोष मार्च शांतिपूर्ण वातावरण में खुंजा कब्रिस्तान से प्रारंभ होकर शहर के प्रमुख मार्गों से गुजरते हुए जिला कलेक्ट्रेट पहुंचा। वहां प्रतिनिधिमंडल ने जिला कलेक्टर एवं पुलिस अधीक्षक को ज्ञापन सौंपते हुए मामले में त्वरित कार्रवाई की मांग की। ज्ञापन सौंपने के दौरान प्रशासनिक अधिकारियों ने प्रतिनिधियों की बात सुनी और ज्ञापन नियमानुसार संबंधित स्तर पर भेजने का आश्वासन दिया।
इस अवसर पर वक्ताओं ने कहा कि सभी धर्मों और उनके पूज्य व्यक्तित्वों का सम्मान किया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता के नाम पर किसी भी धर्म, महापुरुष या धार्मिक मान्यताओं पर आपत्तिजनक टिप्पणी स्वीकार्य नहीं है। समाज के लोगों ने प्रशासन से मांग की कि ऐसे मामलों में समयबद्ध कार्रवाई कर सामाजिक सौहार्द बनाए रखने के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएं।

देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें। आप हमें फेसबुकट्विटरइंस्ट्राग्राम और यूट्यूब चैनल पर फॉलो कर सकते हैं।