राजस्थान खेत एवं ग्रामीण मजदूर यूनियन की राज्य कमेटी की बैठक सम्पन्न

22

-1 जुलाई को पंचायत समिति मुख्यालयों पर प्रदर्शन, 10 अगस्त को देशव्यापी जेल भरो आंदोलन का ऐलान
हनुमानगढ़। 
राजस्थान खेत एवं ग्रामीण मजदूर यूनियन की राज्य कमेटी की बैठक रविवार को किसान भवन, हनुमानगढ़ में राज्य अध्यक्ष कामरेड़ दुर्गा स्वामी की अध्यक्षता में आयोजित की गई। बैठक में केंद्रीय कमेटी की ओर से डॉ. विक्रम सिंह विशेष रूप से उपस्थित रहे। बैठक में मजदूरों से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर विस्तार से चर्चा करते हुए आगामी आंदोलनों की रूपरेखा तय की गई।
बैठक में निर्णय लिया गया कि केंद्र सरकार द्वारा मनरेगा कानून में बदलाव कर 1 जुलाई से लागू किए जा रहे वीबीआरएमजी (VBRMG) व्यवस्था का पूरे प्रदेश में विरोध किया जाएगा। यूनियन नेताओं का आरोप है कि मांग आधारित रोजगार की गारंटी देने वाले मनरेगा कानून को कमजोर कर आम ग्रामीण मजदूरों के रोजगार पर संकट खड़ा किया जा रहा है।
बैठक में तय किया गया कि 1 जुलाई को राजस्थान के सभी पंचायत समिति मुख्यालयों पर प्रदर्शन कर वीबीआरएमजी व्यवस्था को वापस लेने, मनरेगा को पूर्व व्यवस्था के अनुसार प्रभावी रूप से संचालित करने तथा ग्राम पंचायतों में सफाई व्यवस्था के नाम पर हो रहे कथित भ्रष्टाचार पर रोक लगाने की मांग उठाई जाएगी। इसके साथ ही ग्राम पंचायतों के खर्च स्थानीय नागरिकों से वसूलने की प्रस्तावित व्यवस्था का भी विरोध किया जाएगा।
यूनियन ने आगामी 10 अगस्त को पूरे देश में जेल भरो आंदोलन चलाने की घोषणा भी की। नेताओं ने बताया कि इस आंदोलन के माध्यम से ग्रामीण मजदूरों को पर्याप्त रोजगार उपलब्ध कराने, मनरेगा को प्रभावी रूप से बहाल करने तथा आवासहीन परिवारों को आवास उपलब्ध कराने की मांग की जाएगी। यूनियन का दावा है कि देशभर में लाखों खेत मजदूर एवं ग्रामीण श्रमिक इस आंदोलन में भाग लेकर मजदूर एवं किसान विरोधी नीतियों के खिलाफ अपनी गिरफ्तारी देंगे।

देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें। आप हमें फेसबुकट्विटरइंस्ट्राग्राम और यूट्यूब चैनल पर फॉलो कर सकते हैं।