श्री रामायण व श्रीमद्भगवद्गीता के अखंड पाठ 30 जुलाई से, 7 अगस्त को भोग व भंडारा

27

– गौशाला सेवा समिति की बैठक में आयोजन की तैयारियों पर चर्चा, श्रद्धालुओं से सहभागिता का आह्वान
हनुमानगढ़। श्री गौशाला सेवा समिति, अबोहर रोड हनुमानगढ़ जंक्शन की ओर से धार्मिक एवं आध्यात्मिक आयोजन के तहत श्री रामायण जी एवं श्रीमद्भगवद्गीता जी के अखंड पाठ का आयोजन किया जाएगा। आयोजन को लेकर समिति पदाधिकारियों एवं सदस्यों की बैठक अध्यक्ष इंद्र हिसारिया की अध्यक्षता में आयोजित हुई। बैठक में अखंड पाठ एवं भोग-भंडारे की तैयारियों को लेकर विस्तार से चर्चा की गई तथा विभिन्न व्यवस्थाओं की जिम्मेदारियां कार्यकर्ताओं को सौंपी गईं।
समिति अध्यक्ष इंद्र हिसारिया ने बताया कि श्री रामायण जी एवं श्रीमद्भगवद्गीता जी के अखंड पाठ का शुभारंभ 30 जुलाई 2026, गुरुवार को होगा। धार्मिक आयोजन के दौरान श्रद्धालु अखंड पाठ में शामिल होकर पुण्य लाभ अर्जित कर सकेंगे। इसके पश्चात 7 अगस्त 2026, शुक्रवार को अखंड पाठों के भोग एवं विशाल भंडारे का आयोजन किया जाएगा।
बैठक में समिति सदस्यों ने कहा कि गौ सेवा के साथ धार्मिक एवं आध्यात्मिक गतिविधियों के आयोजन से समाज में सेवा, संस्कार और सद्भाव की भावना को बढ़ावा मिलता है। समिति की ओर से आयोजन को सफल बनाने के लिए श्रद्धालुओं, गौ भक्तों एवं धर्मप्रेमी नागरिकों से अधिक से अधिक संख्या में सहभागिता करने का आह्वान किया गया।
बैठक में आयोजन स्थल की साफ-सफाई, पाठ के दौरान श्रद्धालुओं के बैठने, पेयजल, प्रसाद वितरण, भंडारे तथा अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं पर चर्चा की गई। समिति सदस्यों ने सभी व्यवस्थाओं को समय पर पूरा करने का संकल्प लिया।
समिति पदाधिकारियों ने कहा कि आयोजन का उद्देश्य धार्मिक वातावरण के साथ गौ सेवा के प्रति समाज में जागरूकता बढ़ाना भी है। बैठक में मनीष बतरा, मुकेश महर्षि, ईश्वर तायल, महावीर जांगिड़, लवली चावला, रामकुमार गोदारा, बीरबल जिंदल, माहिर अरोड़ा सहित समिति के पदाधिकारी, सदस्य एवं गौ भक्त मौजूद रहे।

देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें। आप हमें फेसबुकट्विटरइंस्ट्राग्राम और यूट्यूब चैनल पर फॉलो कर सकते हैं।