जिला बास्केटबॉल संघ के 40 शिवभक्त हरिद्वार से गंगाजल लेकर 11 अगस्त को लौटेंगे हनुमानगढ़
हनुमानगढ़। सावन माह के पावन अवसर पर हनुमानगढ़ टाउन स्थित सांवलिया सेठ मंदिर, फाटक गौशाला से जिला बास्केटबॉल संघ हनुमानगढ़ की ओर से चौथी डाक कांवड़ यात्रा श्रद्धा और उत्साह के साथ रवाना हुई। यात्रा में जिला बास्केटबॉल संघ के खिलाड़ी, पदाधिकारी एवं अन्य शिवभक्तों सहित करीब 40 श्रद्धालु शामिल हुए। रवानगी से पूर्व सांवलिया सेठ मंदिर में भोलेनाथ की विधिवत पूजा-अर्चना एवं महाआरती पंडित रामप्रकाश शास्त्री द्वारा करवाई गई। इसके बाद शिवभक्तों ने भगवान शिव के जयकारे लगाते हुए नाचते-गाते कांवड़ यात्रा का शुभारंभ किया। कोच विकास अग्रवाल ने बताया कि जिला बास्केटबॉल संघ की ओर से लगातार चौथी बार डाक कांवड़ यात्रा का आयोजन किया जा रहा है। यात्रा में शामिल शिवभक्त हरिद्वार, उत्तराखंड पहुंचकर हर की पौड़ी सहित पवित्र गंगा तट से गंगाजल लेकर हनुमानगढ़ के लिए रवाना होंगे। उन्होंने बताया कि सभी शिवभक्त निर्धारित समय पर 11 अगस्त 2026 को हनुमानगढ़ पहुंचेंगे। यहां गंगाजल से भगवान भोलेनाथ का विधिवत रुद्राभिषेक कर देश, प्रदेश,गोवंश और क्षेत्र की सुख-समृद्धि की कामना की जाएगी। फाटक गौशाला के अध्यक्ष मुरलीधर अग्रवाल ने बताया कि कांवड़ यात्रा में बालिका एवं पुरुष खिलाड़ी सहित मीनू, चीनू, भावना, किरण शर्मा, कुलदीप, शिवानी, हंसिका, निकिता, अनु, सिमरन, भूमिका, विकास अग्रवाल, विजय अग्रवाल, संदीप नागपाल उर्फ कालू, मनोज पारीक, विशाल, हरदीप सिंह, आजाद, सुभाष, कृष्ण सहित करीब 40 शिवभक्त शामिल हैं। उन्होंने कहा कि खिलाड़ियों और युवाओं द्वारा धार्मिक आस्था के साथ कांवड़ यात्रा में भाग लेना समाज के लिए प्रेरणादायक है।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें। आप हमें फेसबुक, ट्विटर, इंस्ट्राग्राम और यूट्यूब चैनल पर फॉलो कर सकते हैं।

































