तिरंगे के रंग में रंगा हनुमानगढ़, युवाओं ने निकाली भव्य तिरंगा रैली*

41

*– दीनदयाल चौक से भारत माता चौक तक गूंजे देशभक्ति के नारे, सैकड़ों युवाओं ने लिया हिस्सा*
हनुमानगढ़। स्वतंत्रता दिवस के उपलक्ष्य में युवाओं की ओर से रविवार को टाउन में भव्य तिरंगा रैली का आयोजन किया गया। युवा नेता यश चिलाना एवं जयवीर बाना के नेतृत्व में आयोजित इस रैली में जिला कांग्रेस कमेटी के जिलाध्यक्ष मनीष मक्कासर सहित सैकड़ों युवाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। हाथों में तिरंगा लेकर युवाओं ने देशभक्ति के नारों के साथ शहरवासियों को राष्ट्रीय एकता और देशप्रेम का संदेश दिया।
तिरंगा रैली का शुभारंभ टाउन स्थित दीनदयाल चौक से हुआ। रैली में बड़ी संख्या में युवा तिरंगा लेकर शामिल हुए। रैली शहर के प्रमुख मार्गों से होते हुए भारत माता चौक पहुंची, जहां इसका समापन किया गया। पूरे मार्ग में युवाओं ने भारत माता की जय, वंदे मातरम् और देशभक्ति के जयघोष लगाए। तिरंगों से सजी रैली ने शहर में स्वतंत्रता दिवस के उत्साह को और बढ़ा दिया।
जिला कांग्रेस कमेटी के जिलाध्यक्ष मनीष मक्कासर ने कहा कि तिरंगा देश की आन, बान और शान का प्रतीक है। स्वतंत्रता दिवस हमें उन महान स्वतंत्रता सेनानियों के संघर्ष और बलिदान की याद दिलाता है, जिनके कारण आज हम स्वतंत्र भारत में सांस ले रहे हैं। उन्होंने कहा कि युवाओं को देश की एकता, अखंडता और लोकतांत्रिक मूल्यों को मजबूत करने में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभानी चाहिए। देश के प्रति जिम्मेदारी और राष्ट्रभक्ति केवल एक दिन तक सीमित नहीं रहनी चाहिए, बल्कि इसे अपने दैनिक जीवन का हिस्सा बनाना चाहिए।
युवा नेता यश चिलाना ने कहा कि तिरंगा रैली का उद्देश्य युवाओं में राष्ट्रप्रेम की भावना को मजबूत करना और स्वतंत्रता दिवस के महत्व को जन-जन तक पहुंचाना है। उन्होंने कहा कि देश का युवा राष्ट्र निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है। युवाओं को शिक्षा, सामाजिक सेवा और सकारात्मक सोच के माध्यम से देश को आगे बढ़ाने के लिए निरंतर प्रयास करना चाहिए। उन्होंने रैली में शामिल सभी युवाओं का आभार व्यक्त किया।

देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें। आप हमें फेसबुकट्विटरइंस्ट्राग्राम और यूट्यूब चैनल पर फॉलो कर सकते हैं।