सुमित रणवां बोले—छह वर्षों में हनुमानगढ़ में हुआ ऐतिहासिक विकास, जनता ने देखी दूरदर्शी सोच

39
हनुमानगढ़। नगर निकाय चुनाव को लेकर जंक्शन के वार्ड नंबर 13 में चुनावी गतिविधियां तेज हो गई हैं। बुधवार को विधायक गणेशराज बंसल टीम की प्रत्याशी मंजू रणवां के चुनाव कार्यालय का उद्घाटन विधायक गणेशराज बंसल एवं पूर्व सभापति सुमित रणवां ने संयुक्त रूप से किया। इस दौरान बड़ी संख्या में वार्डवासी एवं समर्थक मौजूद रहे। कार्यक्रम में प्रत्याशी के पक्ष में मतदान की अपील करते हुए आगामी चुनाव को लेकर रणनीति पर चर्चा की गई।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए पूर्व सभापति सुमित रणवां ने कहा कि विधायक गणेशराज बंसल ने अपनी दूरदर्शी सोच के कारण हनुमानगढ़ को विकास की नई दिशा देने का काम किया है। उन्होंने कहा कि हनुमानगढ़ जिले के रूप में अस्तित्व में आए 31 वर्ष हो चुके हैं, लेकिन पिछले छह वर्षों में जितना विकास हुआ है, उतना शहर के इतिहास में पहले कभी नहीं हुआ।
सुमित रणवां ने कहा कि शहर में जहां पहले कचरे के ढेर नजर आते थे, वहां सेंट्रल पार्क और राजा की कोठी जैसी सौगातें विकसित की गईं। रेलवे लाइन के आसपास सौंदर्यीकरण के लिए ग्रीन बेल्ट तथा किसान पार्क जैसे कार्य करवाए गए। उन्होंने कहा कि ऐसी योजनाएं पूर्व में भी बनाई जा सकती थीं, लेकिन इसके लिए विजन और इच्छाशक्ति की आवश्यकता थी।
उन्होंने कहा कि पहले राजनीतिक क्षेत्र में विकास को लेकर प्रतिस्पर्धा देखने को नहीं मिलती थी, लेकिन विधायक गणेशराज बंसल के विधायक बनने के बाद राजनीतिक गतिविधियों में हलचल बढ़ी है। अब नेताओं को भी जनता की मतदान की ताकत का अहसास हो गया है। उन्होंने वार्डवासियों से विकास की निरंतरता बनाए रखने के लिए मंजू रणवां को समर्थन देने की अपील की।
विधायक गणेशराज बंसल ने कहा कि नगर परिषद के 60 वार्डों में टीम गणेशराज बंसल के प्रत्याशी चुनाव मैदान में हैं। उन्होंने वार्डवासियों से सभी प्रत्याशियों को मिलकर विजयी बनाने की अपील करते हुए कहा कि मजबूत टीम के माध्यम से नगर परिषद में जनता का बोर्ड बनाया जा सकेगा और शहर में विकास कार्यों को गति मिलेगी।

देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें। आप हमें फेसबुकट्विटरइंस्ट्राग्राम और यूट्यूब चैनल पर फॉलो कर सकते हैं।