हनुमानगढ़। नगर परिषद चुनाव को लेकर वार्ड नंबर 48 में चुनावी गतिविधियां तेज हो गई हैं। टीम गणेशराज बंसल की प्रत्याशी मोनिका गौतम स्वामी के चुनाव कार्यालय का उद्घाटन विधायक गणेशराज बंसल ने किया। कार्यालय उद्घाटन के दौरान बड़ी संख्या में समर्थक एवं वार्डवासी मौजूद रहे। इस दौरान आगामी नगर परिषद चुनाव को लेकर प्रत्याशी के समर्थन में मतदान की अपील की गई।
विधायक गणेशराज बंसल ने कहा कि पिछले पांच वर्षों के दौरान वार्ड में अनेकों विकास कार्य करवाए गए हैं। उन्होंने कहा कि जो क्षेत्र पांच वर्ष पहले कस्बे जैसा नजर आता था, वह आज विकास कार्यों के चलते एक सुंदर शहर का स्वरूप ले चुका है। सड़क, पानी, सफाई सहित मूलभूत सुविधाओं को बेहतर बनाने की दिशा में लगातार कार्य किए गए हैं। उन्होंने कहा कि पूर्व में भी अनेक सभापति रहे, लेकिन वार्ड के विकास की ओर अपेक्षित ध्यान नहीं दिया गया।
गणेशराज बंसल ने कहा कि क्षेत्र में शुरू हुए विकास कार्यों को रुकने नहीं दिया जाएगा, बल्कि आने वाले समय में विकास की गति को और तेज किया जाएगा। उन्होंने वार्डवासियों से टीम गणेशराज बंसल की प्रत्याशी मोनिका गौतम स्वामी के पक्ष में मतदान कर उन्हें विजयी बनाने की अपील की। उन्होंने कहा कि वार्ड के विकास और आमजन की समस्याओं के समाधान के लिए मजबूत जनप्रतिनिधि का चुना जाना आवश्यक है।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें। आप हमें फेसबुक, ट्विटर, इंस्ट्राग्राम और यूट्यूब चैनल पर फॉलो कर सकते हैं।

































