वार्ड 44 में अवैध शराब ब्रांच के खिलाफ फूटा जनआक्रोश

49

नगर परिषद के पास चक्की से सटी अवैध दुकान पर वार्डवासियों ने जड़ा ताला; महिलाओं-बच्चों की परेशानी पर प्रशासन की अनदेखी से थे नाराज
हनुमानगढ़ टाउन। वार्ड नंबर 44 स्थित नगर परिषद कार्यालय के समीप अवैध रूप से संचालित हो रही एक शराब ब्रांच के खिलाफ शुक्रवार को स्थानीय नागरिकों का गुस्सा फूट पड़ा। वार्डवासियों ने एकजुट होकर आटे की चक्की से सटी इस अवैध शराब दुकान पर ताला जड़ दिया और इसे स्थायी रूप से बंद करने की मांग उठाई। मौके पर मौजूद नगर परिषद के पूर्व चेयरमैन अमर सिंह राठौड़ ने आक्रोश व्यक्त करते हुए कहा कि रिहायशी इलाके में यह अवैध शराब ब्रांच 24 घंटे बेरोकटोक संचालित हो रही थी। दुकान के बाहर दिन-रात शराबियों और असामाजिक तत्वों का जमावड़ा लगा रहता था, जिससे क्षेत्र का माहौल पूरी तरह दूषित हो चुका था। सबसे अधिक परेशानी वार्ड की महिलाओं, युवतियों और स्कूल जाने वाले बच्चों को उठानी पड़ रही थी, जिनका इस रास्ते से गुजरना दूभर हो गया था।
स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया कि इस अवैध कारोबार को बंद करवाने के लिए पूर्व में कई बार संबंधित अधिकारियों को शिकायतें दी गईं और विरोध-प्रदर्शन भी किए गए, लेकिन प्रशासन की अनदेखी के चलते कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। आखिरकार तंग आकर वार्डवासियों को खुद आगे आकर इस ब्रांच पर ताला लगाने का कदम उठाना पड़ा।

देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें। आप हमें फेसबुकट्विटरइंस्ट्राग्राम और यूट्यूब चैनल पर फॉलो कर सकते हैं।