बच्चों की प्रश्नोत्तरी व डांस प्रतियोगिता रही आकर्षण का केंद्र, विजेता प्रतिभागी स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित
हनुमानगढ़ टाउन स्थानीय श्री रघुनाथ मंदिर में श्री कृष्ण जन्माष्टमी का पावन उत्सव अत्यंत हर्षोल्लास एवं श्रद्धा भाव के साथ मनाया गया। इस पावन अवसर पर मंदिर परिसर को भव्य रूप से सजाया गया और दिनभर दर्शनार्थियों का तांता लगा रहा।
श्री रघुनाथ मंदिर सेवा समिति के सचिव अश्विनी डुमरा ने जानकारी देते हुए बताया कि इस वर्ष जन्मोत्सव के उपलक्ष्य में बच्चों के लिए विशेष कार्यक्रमों का आयोजन किया गया था। इसके अंतर्गत श्री कृष्ण जन्म पर आधारित ज्ञानवर्धक प्रश्नोत्तरी और मनमोहक डांस प्रतियोगिता रखी गई, जिसमें बड़ी संख्या में नन्हे-मुन्ने बच्चों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर अपनी प्रतिभा का उत्कृष्ट प्रदर्शन किया।
प्रतियोगिता के समापन पर समिति द्वारा विभिन्न वर्गों में प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले प्रतिभाशाली बच्चों के नामों की घोषणा की गई। उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले सभी विजेताओं को समिति के अध्यक्ष रमेश छाबड़ा, ओम गिरधर तथा सचिव अश्विनी डुमरा ने स्मृति चिन्ह भेंट कर उनका उत्साहवर्धन किया और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें। आप हमें फेसबुक, ट्विटर, इंस्ट्राग्राम और यूट्यूब चैनल पर फॉलो कर सकते हैं।


































