हनुमानगढ़। अखिल भारतीय किसान सभा हनुमानगढ़ के बैनर तले गांव मक्कासर की विभिन्न ढाणियों के ग्रामीणों ने खेतों में ट्यूबवेल की केबल चोरी करने वाले चोरों के खिलाफ कार्रवाई की मांग को लेकर जंक्शन थाना अधिकारी को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन सरपंच बलदेव मक्कासर एवं ओम मक्कासर के नेतृत्व में सौंपा गया। ग्रामीणों ने पुलिस प्रशासन से खेतों में बढ़ रही चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने तथा पूर्व में दर्ज करवाए गए परिवादों पर भी कार्रवाई करने की मांग की।
ज्ञापन में ग्रामीणों ने बताया कि पिछले करीब 15 दिनों से क्षेत्र के किसानों के खेतों में लगे ट्यूबवेलों की बिजली की केबल काटकर चोरी की जा रही है। चोर रात के समय खेतों में पहुंचकर ट्यूबवेल की तारें काट ले जाते हैं। इससे किसानों को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है। साथ ही ट्यूबवेल बंद होने के कारण किसानों की सिंचाई व्यवस्था भी प्रभावित हो रही है। ग्रामीणों ने कहा कि खेती के समय बिजली की केबल चोरी होने से किसान को दोहरी परेशानी का सामना करना पड़ता है। एक ओर नई केबल खरीदने का अतिरिक्त खर्च उठाना पड़ता है, वहीं दूसरी ओर फसल की सिंचाई प्रभावित होने से नुकसान की आशंका बनी रहती है।
ग्रामीणों ने कहा कि खेतों में चोरी की घटनाओं के चलते किसान स्वयं भी रात के समय निगरानी करने को मजबूर हैं। यदि चोरों को पकड़ने के प्रयास में किसी किसान के साथ कोई दुर्घटना होती है तो इसकी जिम्मेदारी पुलिस प्रशासन की होगी। उन्होंने पुलिस से मांग की कि क्षेत्र में गश्त बढ़ाई जाए और चोरी की घटनाओं में शामिल आरोपियों की पहचान कर उनके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें। आप हमें फेसबुक, ट्विटर, इंस्ट्राग्राम और यूट्यूब चैनल पर फॉलो कर सकते हैं।


































