स्काउटिंग-गाइडिंग के प्रशिक्षण से विद्यार्थियों में विकसित हुए जीवनोपयोगी कौशल

26

डाइट के डीएलएड प्रथम वर्ष के 44 विद्यार्थियों ने सात दिवसीय आवासीय शिविर में लिया प्रशिक्षण
हनुमानगढ़।
राजस्थान राज्य भारत स्काउट एवं गाइड के जिला मुख्यालय पर जिला शिक्षण प्रशिक्षण संस्थान (डाइट) हनुमानगढ़ के डीएलएड प्रथम वर्ष के विद्यार्थियों के लिए आयोजित सात दिवसीय आवासीय स्काउट-गाइड प्रशिक्षण शिविर का गुरुवार को समापन हुआ। शिविर में 44 प्रशिक्षार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर स्काउटिंग एवं गाइडिंग के नियमों, सिद्धांतों और विभिन्न जीवनोपयोगी कौशलों का प्रशिक्षण प्राप्त किया।
सात दिनों तक चले इस प्रशिक्षण शिविर में विद्यार्थियों को स्काउटिंग-गाइडिंग की मूल भावना, अनुशासन, सेवा, सहयोग, आत्मनिर्भरता और सामूहिक नेतृत्व जैसे महत्वपूर्ण विषयों की जानकारी दी गई। प्रशिक्षण के दौरान विद्यार्थियों को जीवन में अनुशासन का महत्व समझाने के साथ ही विपरीत परिस्थितियों में धैर्य बनाए रखने, टीम भावना से कार्य करने और सामाजिक जिम्मेदारियों का निर्वहन करने के लिए प्रेरित किया गया।
शिविर संचालक सीओ स्काउट भारत भूषण एवं जिला प्रशिक्षण आयुक्त मुंशीराम ने विभिन्न प्रशिक्षण सत्रों के माध्यम से प्रशिक्षार्थियों का मार्गदर्शन किया। उन्होंने स्काउटिंग-गाइडिंग के उद्देश्यों और इसके व्यावहारिक महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि स्काउटिंग केवल एक प्रशिक्षण गतिविधि नहीं, बल्कि जीवन को अनुशासित, जिम्मेदार और सेवाभावी बनाने का माध्यम है। इसके माध्यम से विद्यार्थियों में नेतृत्व क्षमता, आत्मविश्वास, सहयोग की भावना और समाज के प्रति सकारात्मक दृष्टिकोण विकसित होता है।

देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें। आप हमें फेसबुक, ट्विटर, इंस्ट्राग्राम और यूट्यूब चैनल पर फॉलो कर सकते हैं।