शुगर मील के गेट बंद कर शराब ठेकेदारों ने शुरू किया अनिश्चितकालीन धरना

26

आबकारी विभाग पर मनमानी और शराब की आपूर्ति नहीं करने का आरोप, मासिक गारंटी पूरी नहीं होने पर कार्रवाई न करने का मांगा लिखित आश्वासन
हनुमानगढ़।
आबकारी विभाग की कथित मनमानी और शराब की पर्याप्त आपूर्ति नहीं होने के विरोध में शराब ठेकेदार एसोसिएशन ने शुक्रवार को गंगानगर शुगर मील के गेट बंद कर अनिश्चितकालीन धरना शुरू कर दिया। इस दौरान शराब ठेकेदारों ने आबकारी विभाग के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और अपनी मांगों को लेकर विरोध दर्ज करवाया। ठेकेदारों का कहना है कि विभाग की लापरवाही और शुगर मील से समय पर शराब उपलब्ध नहीं होने के कारण उन्हें आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है। इसके बावजूद विभाग द्वारा ठेकेदारों को राहत देने के बजाय उन पर पेनल्टी लगाने की कार्रवाई की जा रही है।
शराब ठेकेदार एसोसिएशन के प्रदेश उपाध्यक्ष प्रदीप तिवाड़ी ने बताया कि विभाग द्वारा 50 यूपी शराब का रेश्यो पहले 20 प्रतिशत निर्धारित किया गया था, जिसे सरकार ने बढ़ाकर 40 प्रतिशत कर दिया। हालांकि, गंगानगर और हनुमानगढ़ क्षेत्र के लिए विशेष आदेश जारी है, जिसके तहत 50 यूपी शराब का रेश्यो 20 प्रतिशत ही रखा जाना था। इस संबंध में एसोसिएशन पूर्व में भी अपना विरोध दर्ज करवा चुकी है, लेकिन सरकार और प्रशासन की ओर से उनकी समस्याओं पर कोई सुनवाई नहीं की गई।
उन्होंने बताया कि गंगानगर शुगर मील हनुमानगढ़ में स्थित है, जहां शराब का निर्माण होता है। शराब ठेकेदारों के लिए प्रत्येक दुकान पर 25 प्रतिशत माल का उठाव निर्धारित किया गया है। यदि ठेकेदार निर्धारित मात्रा में शराब का उठाव नहीं करते हैं तो विभाग द्वारा उन पर पेनल्टी लगा दी जाती है। लेकिन पिछले दो माह से शुगर मील और आबकारी विभाग की व्यवस्था के चलते शराब की पर्याप्त आपूर्ति नहीं हो पा रही है। ऐसे में ठेकेदार निर्धारित उठाव की शर्त पूरी करने में असमर्थ हैं।

देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें। आप हमें फेसबुक, ट्विटर, इंस्ट्राग्राम और यूट्यूब चैनल पर फॉलो कर सकते हैं।