सत्यनिष्ठा से समृद्धि की ओर: नेशनल इंश्योरेंस कम्पनी ने मनाया सतर्कता जागरूकता सप्ताह

33

हनुमानगढ़ शाखा ने ‘नन्हें पक्षी फाउंडेशन’ के बच्चों संग साझा की खुशियां, बांटे गरम कपड़े और मिठाई
हनुमानगढ़। सार्वजनिक क्षेत्र की अग्रणी साधारण बीमा कम्पनी, नेशनल इंश्योरेंस कम्पनी लिमिटेड की हनुमानगढ़ शाखा द्वारा सतर्कता जागरूकता सप्ताह के उपलक्ष्य में एक विशेष जागरूकता व सामाजिक सरोकार कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस वर्ष यह सप्ताह ‘समृद्धि के लिए सत्यनिष्ठा’ (Probity for Prosperity) के केंद्रीय विचार के तहत पूरे देश में मनाया जा रहा है। इसी कड़ी में सामाजिक दायित्वों का निर्वहन करते हुए कम्पनी के अधिकारियों व कर्मचारियों ने स्थानीय स्वयंसेवी संस्था ‘नन्हें पक्षी फाउंडेशन’ का दौरा किया और बच्चों के साथ समय बिताया। कार्यक्रम के दौरान नेशनल इंश्योरेंस कम्पनी के शाखा प्रबंधक जितेन्द्र कुमार तथा सहायक प्रबंधक उमेश कुमार ने संस्था के बच्चों और वहां उपस्थित गणमान्य नागरिकों को दैनिक जीवन में ईमानदारी, पारदर्शिता और सत्यनिष्ठा के महत्व से अवगत कराया। अधिकारियों ने बच्चों को सरल शब्दों में समझाया कि किसी भी राष्ट्र और समाज की वास्तविक समृद्धि केवल भौतिक विकास से नहीं, बल्कि नागरिकों के नैतिक मूल्यों और सत्यनिष्ठा पर टिकी होती है। ईमानदारी से किया गया हर छोटा कार्य देश को मजबूत बनाता है। वहीं, बीमा अभिकर्ता विपिन कुमार ने भी बच्चों को जीवन में सही रास्ते पर चलने, अध्ययन के प्रति समर्पित रहने तथा आगे चलकर एक जिम्मेदार व जागरूक नागरिक बनने के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम में सामाजिक सरोकार की अनूठी मिसाल देखने को मिली। आगामी सर्दी के मौसम को ध्यान में रखते हुए नेशनल इंश्योरेंस कम्पनी की ओर से संस्था के सभी बच्चों को गरम कपड़े (विंटर क्लॉथ) भेंट किए गए। इसके साथ ही बच्चों के मुंह मीठे कराए गए और मिठाई का वितरण हुआ। नए गरम कपड़े और मिठाई पाकर बच्चों के चेहरे खिल उठे और उनका उत्साह देखते ही बनता था। इस अवसर पर नन्हें पक्षी फाउंडेशन की ओर से रीटा माहेश्वरी, मुकेश माहेश्वरी, बिंदु बंसल, मीनाक्षी गोयल, प्रिया शर्मा, राकेश सैनी और अभिषेक नागपाल प्रमुख रूप से उपस्थित रहे। संस्था के पदाधिकारियों ने नेशनल इंश्योरेंस कम्पनी लिमिटेड के इस मानवीय, संवेदनशील और प्रेरणादायक कदम की सराहना करते हुए शाखा की पूरी टीम का आभार व्यक्त किया।

देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें। आप हमें फेसबुक, ट्विटर, इंस्ट्राग्राम और यूट्यूब चैनल पर फॉलो कर सकते हैं।