हनुमानगढ़। टाउन के अम्बेडकर कॉलोनी में यूथ वीरांगनाओं की ओर से ऑनलाइन सिलाई प्रशिक्षण के अंतर्गत ब्यूटी पार्लर सेंटर का विधिवत शुभारंभ ब्यूटीशियन सुषमा वर्मा व मंजू गाबा ने फीता काटकर किया गया। इस अवसर पर क्षेत्र की जरूरतमंद एवं गरीब महिलाओं के लिए यह एक महत्वपूर्ण पहल मानी जा रही है, जिसका मुख्य उद्देश्य महिलाओं को आत्मनिर्भर और सशक्त बनाना है। कार्यक्रम के दौरान यूथ वीरांगना रजनी ने जानकारी देते हुए बताया कि संस्था द्वारा गरीब व जरूरतमंद महिलाओं के लिए निशुल्क ऑनलाइन सिलाई एवं ब्यूटी पार्लर प्रशिक्षण केंद्र की शुरुआत की गई है। इस सेंटर में पहले ही दिन लगभग 25 महिलाओं ने अपना पंजीकरण करवाया। उन्होंने बताया कि संस्था का उद्देश्य महिलाओं को रोजगार के अवसर उपलब्ध कराकर उन्हें अपने पैरों पर खड़ा करना है, ताकि वे स्वयं के साथ-साथ अपने परिवार का भी बेहतर ढंग से पालन-पोषण कर सकें। यूथ वीरांगना मीनाक्षी ने बताया कि सिलाई और ब्यूटी पार्लर का प्रशिक्षण पूरी तरह ऑनलाइन प्रोजेक्ट के माध्यम से दिया जाएगा। इसके लिए अनुभवी और प्रशिक्षित मास्टर टेलर एवं ब्यूटी एक्सपर्ट द्वारा प्रोजेक्ट से बड़े पर्दे के माध्यम से महिलाओं को व्यावहारिक प्रशिक्षण प्रदान किया जाएगा, जिससे वे घर बैठे ही आधुनिक तकनीकों को सीख सकें। इस मौके पर यूथ वीरांगना ऐशना ने संस्था द्वारा किए जा रहे अन्य सामाजिक कार्यों की भी जानकारी दी। उन्होंने बताया कि यूथ वीरांगनाएं सामाजिक हित में लगातार कार्य कर रही हैं। संस्था द्वारा गरीब कन्याओं के विवाह में सहयोग, जरूरतमंद परिवारों को राशन वितरण, वृद्धजनों का स्वास्थ्य परीक्षण, गरीब व जरूरतमंद बच्चों के लिए पाठ्य सामग्री उपलब्ध कराना तथा पढ़ाई में कमजोर बच्चों के लिए विशेष कक्षाएं लगवाने जैसे अनेक कार्य किए जा रहे हैं।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें। आप हमें फेसबुक, ट्विटर, इंस्ट्राग्राम और यूट्यूब चैनल पर फॉलो कर सकते हैं।


































