इंस्टाग्राम पर बच्चे और किशोर खुद को वयस्क बताकर नहीं चला सकेंगे अकाउंट, AI पकड़ेगा उम्र

57

नई दिल्ली। सोशल मीडिया पर कम उम्र के बच्चों द्वारा अपनी असली उम्र छिपाकर वयस्कों की तरह अकाउंट चलाने पर अब लगाम लगने वाली है। इंस्टाग्राम की पैरेंट कंपनी मेटा ने आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) आधारित उम्र पहचानने वाली तकनीक का दुनियाभर में विस्तार करने का फैसला किया है। इसके तहत 13 से 17 साल के किशोरों की पहचान की जाएगी, भले ही उन्होंने अकाउंट बनाते समय अपनी जन्मतिथि 18 साल से अधिक दर्ज की हो।

मेटा के मुताबिक, नई तकनीक संदिग्ध अकाउंट की प्रोफाइल का विश्लेषण करेगी। इसमें पोस्ट, कमेंट, बायो, कैप्शन और जन्मदिन से जुड़ी जानकारियों के साथ स्कूल की कक्षा से संबंधित संकेत भी देखे जाएंगे। AI फोटो और वीडियो में दिखाई देने वाले सामान्य संकेतों का भी विश्लेषण कर सकता है। इसका उद्देश्य बच्चों की पहचान कर उन्हें उम्र के अनुसार सुरक्षित सुविधाएं देना है।

अगर किसी अकाउंट को किशोर का माना जाता है तो उसे अपने आप ‘टीन अकाउंट’ सुरक्षा व्यवस्था में शामिल किया जा सकता है। इसमें अनजान लोगों के मैसेज पर पाबंदी, हानिकारक कंटेंट को सीमित करना और अकाउंट को डिफॉल्ट रूप से प्राइवेट रखना शामिल है।

देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें। आप हमें फेसबुक, ट्विटर, इंस्ट्राग्राम और यूट्यूब चैनल पर फॉलो कर सकते हैं।