आरएलपी की सुनीता देवी मटोरिया ने पंचायत समिति सदस्य पद की शपथ ली

24

-गांव के विकास को प्राथमिकता देने का संकल्प, टाउन व जंक्शन पंचायत समिति में आरएलपी के एक-एक सदस्य; जीत-हार तय करने की ताकत का दावा
हनुमानगढ़।
राष्ट्रीय लोकतांत्रिक पार्टी आरएलपी की नवनिर्वाचित पंचायत समिति सदस्य सुनीता देवी मटोरिया ने पंचायत समिति सदस्य पद की शपथ ग्रहण की। शपथ ग्रहण के बाद उन्होंने गांव में विकास कार्य करवाने को अपनी प्राथमिकता बताते हुए कहा कि ग्रामीणों ने उन्हें जो जिम्मेदारी सौंपी है, उसे पूरी निष्ठा से निभाने का प्रयास करेंगी। गांव की मूलभूत समस्याओं का समाधान करवाना, विकास कार्यों को गति देना और ग्रामीणों की आवाज को पंचायत समिति स्तर पर उठाना उनके प्रमुख उद्देश्य रहेंगे।
सुनीता देवी की जीत के साथ हनुमानगढ़ जिले की पंचायत समिति टाउन और पंचायत समिति जंक्शन में आरएलपी ने एक-एक सदस्य के रूप में अपनी उपस्थिति दर्ज करवाई है। पार्टी कार्यकर्ताओं ने इसे संगठन के लिए उत्साहजनक परिणाम बताते हुए ग्रामीण क्षेत्र में पार्टी की बढ़ती सक्रियता का संकेत बताया।
आरएलपी प्रवक्ता केवल काकड़ ने कहा कि पंचायत समिति टाउन और जंक्शन दोनों जगह पार्टी के एक-एक सदस्य का जीतकर आना इस बात का संकेत है कि ग्रामीण क्षेत्र में पार्टी के प्रति लोगों का भरोसा बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि आरएलपी ग्रामीणों के मुद्दों, किसानों, युवाओं और आमजन से जुड़े सवालों को लेकर लगातार आवाज उठाती रही है। पंचायत समिति में पार्टी के सदस्य जनहित से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाएंगे और ग्रामीण क्षेत्रों में विकास कार्यों के लिए प्रयास करेंगे।

देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें। आप हमें फेसबुक, ट्विटर, इंस्ट्राग्राम और यूट्यूब चैनल पर फॉलो कर सकते हैं।