11 हजार दीपों से जगमगाया सांवलिया सेठ मंदिर, दीपोत्सव में उमड़ा श्रद्धा का सैलाब

10

देव दीपावली, कार्तिक पूर्णिमा व गुरु नानक जयंती पर फाटक गौशाला में भव्य आयोजन, बीमार व असहाय गोवंश के शीघ्र स्वास्थ्य की कामना की
हनुमानगढ़ टाउन। भटनेर दुर्ग के नजदीक बरकत कॉलोनी स्थित श्री फाटक गौशाला के सांवलिया सेठ मंदिर में देव दीपावली, कार्तिक पूर्णिमा एवं गुरु नानक जयंती के पावन अवसर पर भव्य दीपोत्सव का आयोजन किया गया। इस अवसर पर मंदिर परिसर में 11 हजार दीप प्रज्वलित कर दीपावली जैसा मनमोहक दृश्य प्रस्तुत किया गया। दीपों की रोशनी से सांवलिया सेठ मंदिर सहित पूरी गौशाला जगमगा उठी।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में महिलाओं एवं श्रद्धालुओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। महिलाओं ने मंदिर प्रांगण में पहुंचकर श्रद्धा और भक्तिभाव के साथ दीप प्रज्वलित किए। देखते ही देखते हजारों दीपों की रोशनी से मंदिर परिसर आलोकित हो उठा। इस दौरान श्रद्धालुओं ने सांवलिया सेठ के दर्शन कर सुख-समृद्धि एवं खुशहाली की कामना की। आयोजन के दौरान सांवलिया सेठ की विधिवत आरती भी की गई, जिसमें उपस्थित श्रद्धालुओं ने भाग लेकर धर्मलाभ प्राप्त किया।
इस मौके पर फाटक गौशाला के अध्यक्ष मुरलीधर अग्रवाल ने बताया कि देव दीपावली एवं कार्तिक पूर्णिमा के पावन पर्व पर गौशाला स्थित सांवलिया सेठ मंदिर में 11 हजार दीप प्रज्वलित कर दीपोत्सव मनाया गया। उन्होंने बताया कि इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य गौशाला में सेवा प्राप्त कर रहे बीमार, दुर्घटनाग्रस्त एवं असहाय गोवंश के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करना है। दीप प्रज्वलित कर भगवान सांवलिया सेठ से सभी गोवंश के अच्छे स्वास्थ्य एवं सुखमय जीवन की प्रार्थना की गई।

देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें। आप हमें फेसबुक, ट्विटर, इंस्ट्राग्राम और यूट्यूब चैनल पर फॉलो कर सकते हैं।