फोर्ट स्कूल में एनएसएस का दूसरा एकदिवसीय शिविर आयोजित, विद्यार्थियों ने निकाली मतदाता जागरूकता रैली

39

हनुमानगढ़, राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय, हनुमानगढ़ टाउन (फोर्ट स्कूल) में 31 अक्टूबर 2026 को राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) के दूसरे एकदिवसीय शिविर का सफल आयोजन किया गया। कार्यक्रम अधिकारी डॉ. गुरजिन्द्र सिंह के नेतृत्व में आयोजित इस शिविर में विद्यालय के स्वयंसेवकों एवं स्वयंसेविकाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए सामाजिक सरोकारों और जनजागरूकता से जुड़ी गतिविधियों में अपनी सक्रिय भागीदारी निभाई।
शिविर के दौरान राष्ट्रीय एकता एवं अखंडता को लेकर विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया। राष्ट्रीय संकल्प दिवस के अवसर पर सभी स्वयंसेवकों ने देश की एकता, अखंडता और संप्रभुता को बनाए रखने की सामूहिक शपथ ली। विद्यार्थियों ने देश की एकता और आपसी भाईचारे को मजबूत बनाने का संकल्प भी लिया।
आगामी पंचायती राज चुनाव 2026 के मद्देनजर शिविर के तहत मतदाता जागरूकता रैली निकाली गई। रैली के माध्यम से विद्यार्थियों ने आमजन को लोकतंत्र में मतदान के महत्व के बारे में जानकारी दी। स्वयंसेवकों ने लोगों से अपने मताधिकार का अनिवार्य रूप से प्रयोग करने और शत-प्रतिशत मतदान सुनिश्चित करने की अपील की।
इसी क्रम में ‘स्वच्छता ही सेवा’ के संदेश के साथ श्रमदान एवं स्वच्छता अभियान चलाया गया। स्वयंसेवकों ने विद्यालय परिसर और आसपास के क्षेत्रों में साफ-सफाई कर स्वच्छ वातावरण बनाए रखने का संदेश दिया। विद्यार्थियों ने आमजन को स्वच्छता के प्रति जागरूक करते हुए अपने आसपास के परिवेश को साफ रखने के लिए प्रेरित किया।
शिविर का समापन सेवा, समर्पण और सामाजिक जिम्मेदारी के प्रेरणादायक संदेश के साथ हुआ। कार्यक्रम अधिकारी डॉ. गुरजिन्द्र सिंह ने विद्यार्थियों की सक्रिय भागीदारी की सराहना करते हुए कहा कि राष्ट्रीय सेवा योजना विद्यार्थियों में अनुशासन, सामाजिक चेतना, राष्ट्रीय एकता और सेवा भावना विकसित करने का महत्वपूर्ण माध्यम है। शिविर का संदेश रहा कि “एकता में शक्ति है और सेवा में ही सच्चा आनंद है।”

देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें। आप हमें फेसबुक, ट्विटर, इंस्ट्राग्राम और यूट्यूब चैनल पर फॉलो कर सकते हैं।