हनुमानगढ़। श्री गुरुनानक देव जी के 558वें प्रकाश पर्व के उपलक्ष्य में हनुमानगढ़ टाउन व जंक्शन स्थित गुरुद्वारा सिंह सभा में श्रद्धा, उत्साह और धार्मिक उल्लास के साथ पर्व मनाया गया। दोनों गुरुद्वारों में श्री अखंड पाठ साहिब के भोग डाले गए तथा क्षेत्र की सुख-समृद्धि, खुशहाली और शांति के लिए अरदास की गई। इस पावन अवसर पर हजारों की संख्या में श्रद्धालुओं ने गुरुद्वारा साहिब पहुंचकर माथा टेका और गुरु घर का आशीर्वाद प्राप्त किया। विशेष दीवान में गुरबाणी कीर्तन, कथा वाचन और गुरु महिमा के गायन से पूरा वातावरण नानकमय हो गया। गुरुद्वारा प्रबंध समिति के प्रधान नक्षत्र सिंह व टाऊन गुरूद्वारा मुख सेवादार जगजीत सिंह टोनी ने बताया कि गुरुपर्व के अवसर पर सुबह 10 बजे अखंड पाठ साहिब के भोग के बाद विशेष खुले दीवान सजाए गए। जंक्शन के हैडग्रंथी भाई गुरमेल सिंह तथा टाउन के हैडग्रंथी भाई जुगनू सिंह ने अरदास कर क्षेत्र में सुख-शांति और खुशहाली की कामना की। इसके बाद गुरबाणी कीर्तन और धार्मिक कार्यक्रमों का सिलसिला शुरू हुआ। खुले दीवान में बाहर से पहुंचे रागी जत्थों व स्थानीय हजूरी जत्थों ने गुरबाणी की मधुर धुनों से संगत को भावविभोर किया। जंक्शन के रागी हजूरी जत्था भाई गुरप्रीत सिंह तथा टाउन के हजूरी जत्था भाई गुरचरण सिंह ने शबद कीर्तन के माध्यम से गुरु महिमा का गुणगान किया। कथा वाचक भाई दिलीप सिंह रायसिंगनगर वाले ने गुरु नानक देव जी के जीवन, शिक्षाओं और उनके समाज सुधार संबंधी विचारों पर प्रकाश डालते हुए संगत को धर्म, सद्भाव और मानवता का संदेश दिया। वहीं ढाडी जत्था भाई रिछपाल सिंह मालेवाले ने वीर रस और धार्मिक प्रसंगों के माध्यम से गुरु इतिहास का वर्णन किया। कीर्तन के दौरान ‘‘ तेरे गुण गांवां ‘‘ ‘‘ कल तारण गुर नानक आया‘‘ सहित अनेक शबदों का गायन किया गया। सुखमणी साहिब सेवा सोसायटी की महिला सदस्यों ने गुरु नानक देव जी की चार उदासियों तथा उनके द्वारा मानवता को दिए गए संदेशों के बारे में संगत को जानकारी दी।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें। आप हमें फेसबुक, ट्विटर, इंस्ट्राग्राम और यूट्यूब चैनल पर फॉलो कर सकते हैं।


































