ब्लिंकिट कर्मचारियों ने कार्य समय और भुगतान संबंधी समस्याओं को लेकर किया प्रदर्शन 8 किलोमीटर डिलीवरी के महज 48 रुपए मिलने का आरोप

26

– गुरुवार तक समाधान नहीं होने पर कलक्ट्रेट के सामने धरने की चेतावनी
हनुमानगढ़।
ऑनलाइन सामान डिलीवर करने वाली कंपनी ब्लिंकिट के कर्मचारियों ने कार्य समय बढ़ाने और भुगतान संबंधी समस्याओं को लेकर बुधवार को स्टोर के समक्ष एकत्रित होकर विरोध प्रदर्शन किया। कर्मचारियों ने कंपनी प्रबंधन पर शोषण का आरोप लगाते हुए कार्य समय में बदलाव, प्रति घंटे के हिसाब से पारिश्रमिक तथा डिलीवरी दूरी के अनुसार भुगतान बढ़ाने की मांग उठाई। कर्मचारियों ने चेतावनी दी कि गुरुवार तक समस्याओं का समाधान नहीं किया गया तो जिला कलक्ट्रेट के समक्ष धरना दिया जाएगा।
प्रदर्शन में शामिल कर्मचारी राजपाल निवासी 10 एमओडी ने बताया कि ब्लिंकिट स्टोर पर करीब 110 कर्मचारी कार्यरत हैं, जिनमें अधिकांश युवक ग्रामीण क्षेत्रों से आते हैं। कई कर्मचारियों को रोजाना करीब 60 किलोमीटर तक की दूरी तय कर स्टोर पहुंचना पड़ता है। उन्होंने बताया कि पहले स्टोर पर काम करने का समय सुबह 9 बजे से शाम 4 बजे तक निर्धारित था, लेकिन अब इसे बदलकर सुबह 11 बजे से रात 2 बजे तक कर दिया गया है। सर्दी के मौसम में इतने लंबे समय तक काम करना कर्मचारियों के लिए परेशानी का कारण बन रहा है।
राजपाल ने आरोप लगाया कि कंपनी की ओर से डिलीवरी के लिए मिलने वाला भुगतान भी बेहद कम है। यदि कोई कर्मचारी 8 किलोमीटर के दायरे में सामान डिलीवर करता है तो उसे महज 48 रुपए मिलते हैं। इस राशि में पेट्रोल का खर्च भी पूरा करना मुश्किल है। कर्मचारियों को अपने दुपहिया वाहनों में पेट्रोल स्वयं भरवाना पड़ता है, जबकि कंपनी की ओर से निर्धारित इंसेंटिव भी पूरा नहीं मिल पाता। ऐसे में मेहनत के बावजूद कर्मचारियों को अपेक्षित कमाई नहीं हो रही।

देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें। आप हमें फेसबुक, ट्विटर, इंस्ट्राग्राम और यूट्यूब चैनल पर फॉलो कर सकते हैं।