– नशामुक्त जीवन और संतुलित आहार पर डॉक्टरों और अधिकारियों ने दिए प्रेरणादायक संदेश
हनुमानगढ। राजस्थान राज्य भारत स्काउट गाइड जिला मुख्यालय हनुमानगढ़ के तत्वावधान में सरस्वती कन्या उच्च माध्यमिक विद्यालय में संचालित कौशल विकास एवं अभिरुचि शिविर के अंतर्गत 19 जून 2025 को स्वास्थ्य विभाग द्वारा विशेष जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में ‘मानस अभियान’ के तहत प्रतिभागियों को नशामुक्त जीवन और स्वास्थ्यवर्धक जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित किया गया।
मुख्य वक्ता के रूप में उपस्थित डॉ. अखिलेश कुमार, डिप्टी सीएमएचओ हनुमानगढ़ ने बच्चों को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करते हुए ‘पहला सुख निरोगी काया’ के महत्व को विस्तार से समझाया। उन्होंने चिट्टा, बीड़ी, सिगरेट, शराब और तंबाकू जैसे नशों से शरीर और समाज पर पड़ने वाले दुष्प्रभावों के बारे में विस्तार से जानकारी दी। डॉ. कुमार ने बताया कि नशे की लत न केवल शरीर को क्षतिग्रस्त करती है, बल्कि मानसिक, पारिवारिक और सामाजिक जीवन को भी प्रभावित करती है। उन्होंने प्रतिभागियों को संतुलित भोजन और विविध प्रकार के अनाज युक्त आहार को अपनाने की सलाह दी। मिश्रित अनाज खाने से शरीर की कई आवश्यक पोषक तत्वों की पूर्ति होती है, जिससे शरीर मजबूत और रोग प्रतिरोधक बनता है।
इस अवसर पर अतिरिक्त मुख्य ब्लॉक शिक्षा अधिकारी (एसीबीईओ) दीपक मिढ़ा, विद्यालय की प्राचार्य श्रीमती प्रेरणा रस्तोगी, स्काउट हनुमानगढ़ के सर्कल ऑर्गेनाइज़र त्रिलोकचंद्र तथा शिविर प्रभारी केवल कृष्ण विशेष रूप से उपस्थित रहे। दीपक मिढ़ा ने विद्यार्थियों को सकारात्मक सोच, नियमित दिनचर्या और आत्मअनुशासन को जीवन का मूल आधार बताते हुए ‘नशा मुक्त भारत’ की दिशा में एकजुट होकर कार्य करने का आह्वान किया।
कार्यक्रम के दौरान डॉ. अखिलेश कुमार एवं दीपक मिढ़ा द्वारा शिविर में उपस्थित सभी प्रतिभागियों और अध्यापकों को नशा नहीं करने और समाज को भी नशामुक्त रखने की शपथ दिलाई गई। बच्चों ने उत्साहपूर्वक शपथ लेते हुए नशे से दूर रहने का संकल्प लिया। कार्यक्रम के अंत में शिविर प्रभारी केवल कृष्ण ने सभी अतिथियों का धन्यवाद ज्ञापित करते हुए कहा कि इस प्रकार की स्वास्थ्य जागरूकता गतिविधियाँ विद्यार्थियों के जीवन में सकारात्मक सोच और व्यवहार परिवर्तन लाने में सहायक सिद्ध होती हैं।
ताजा अपडेट्स के लिए आप पञ्चदूत मोबाइल ऐप डाउनलोड कर सकते हैं, ऐप को इंस्टॉल करने के लिए यहां क्लिक करें.. इसके अलावा आप हमें फेसबुक, ट्विटर, इंस्ट्राग्राम और यूट्यूब चैनल पर फॉलो कर सकते हैं।


































