जिला सर्व ब्राह्मण महासभा के प्रतिनिधिमंडल ने जिला कलक्टर व पुलिस अधीक्षक से की भेंट

232

– समाज व शहर की गतिविधियों से कराया अवगत, स्वागत कर किया अभिनंदन
हनुमानगढ़। 
जिला सर्व ब्राह्मण महासभा हनुमानगढ़ के जिलाध्यक्ष दुर्गा प्रसाद शर्मा के नेतृत्व में महासभा के एक शिष्टमंडल ने सोमवार को जिला कलक्टर डॉ. खुशाल यादव एवं जिला पुलिस अधीक्षक श्री हरीशंकर से शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान शिष्टमंडल ने समाज एवं शहर से जुड़ी विभिन्न गतिविधियों, समस्याओं और सुझावों को लेकर विस्तारपूर्वक चर्चा की। प्रतिनिधिमंडल ने प्रशासन को समाज की गतिविधियों की जानकारी देते हुए सहयोगात्मक संबंध बनाए रखने की बात कही। इस अवसर पर सर्व ब्राह्मण महासभा की ओर से जिला कलक्टर व पुलिस अधीक्षक का माल्यार्पण कर स्वागत एवं अभिनंदन किया गया। जिलाध्यक्ष दुर्गा प्रसाद शर्मा ने कहा कि प्रशासन एवं समाज के बीच समन्वय बेहद जरूरी है, जिससे जिले में सामाजिक सद्भाव, कानून व्यवस्था और जनहित के कार्यों में मजबूती आए। दुर्गा प्रसाद शर्मा ने बताया कि ब्राह्मण समाज सदैव राष्ट्र निर्माण, सांस्कृतिक संरक्षण एवं समाजोत्थान की दिशा में अग्रणी रहा है। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में युवाओं को जागरूक करना और समाज को संगठित रखना समय की आवश्यकता है। प्रशासन के सहयोग से समाज में शिक्षा, रोजगार, स्वास्थ्य एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों को गति दी जा सकती है।
भेंट के दौरान महासभा के वरिष्ठ उपाध्यक्ष एडवोकेट रामानंद बोहरा, जिला उपाध्यक्ष महेन्द्र शर्मा व एडवोकेट मनोज शर्मा, जिला महासचिव चन्द भान तिवारी, ब्लॉक अध्यक्ष अशोक व्यास, संयुक्त सचिव लोकराज शर्मा व मूलचंद शर्मा, विधि सचिव एडवोकेट भोजराज व सक्रिय सदस्य मनोज पारीक सहित अन्य गणमान्य सदस्य उपस्थित रहे।

ताजा अपडेट्स के लिए आप पञ्चदूत मोबाइल ऐप डाउनलोड कर सकते हैं, ऐप को इंस्टॉल करने के लिए यहां क्लिक करें.. इसके अलावा आप हमें फेसबुकट्विटरइंस्ट्राग्राम और यूट्यूब चैनल पर फॉलो कर सकते हैं।