मिड-डे-मील वर्कर्स ने रखी 15 सूत्री मांगें, मुख्यमंत्री के नाम सौंपा ज्ञापन

279

-मानदेय भुगतान में देरी और स्थायीकरण की उठाई जोरदार मांग, सरकार से त्वरित कार्रवाई की अपील
हनुमानगढ़ । 
राजस्थान मिड-डे-मील वर्कर्स यूनियन (सीटू) हनुमानगढ़ ने मंगलवार को जिला कलेक्टर के माध्यम से मुख्यमंत्री के नाम एक ज्ञापन सौंपकर मिड-डे-मील वर्कर्स की समस्याओं और लंबित मांगों के समाधान की मांग की। यूनियन ने कहा कि राज्य के स्कूलों में कार्यरत ये वर्कर्स वर्षों से बच्चों को गर्म पोषाहार उपलब्ध कराते हैं, लेकिन इसके बावजूद उन्हें न तो नियमित कर्मचारी का दर्जा मिला है और न ही न्यूनतम वेतन। ज्ञापन में बताया गया कि वर्तमान में वर्कर्स को मात्र 2003 रुपये प्रतिमाह मानदेय दिया जाता है, जो 6-6 माह तक बकाया रहता है। मांग की गई कि बकाया मानदेय का तुरन्त भुगतान किया जाए और हर माह की 10 तारीख तक भुगतान सुनिश्चित हो। इसके अलावा दूध योजना के तहत प्रत्येक स्कूल में 500 रुपये राशि का भुगतान समय पर करने, दोषियों के खिलाफ कार्यवाही करने और बकाया राशि देने की मांग की गई। यूनियन ने वर्कर्स को सरकारी कर्मचारी का दर्जा देने, न्यूनतम वेतन 26,000 रुपये प्रतिमाह करने, बर्तन साफ करने के लिए सर्फ, साबुन, तौलिया व साल में दो जोड़ी ड्रेस उपलब्ध कराने, प्रत्येक स्कूल में दो वर्कर्स नियुक्त करने और मल्टीटास्क वर्कर्स की भर्ती में प्राथमिकता देने की मांग भी रखी। ज्ञापन में यह भी कहा गया कि बंद किए गए स्कूलों में अन्य स्टाफ की तरह एमडीएम वर्कर्स को दूसरे स्कूलों में समायोजित किया जाए। सेवानिवृत्ति पर 5 लाख रुपये की एकमुश्त राशि और उसके बाद 10,000 रुपये मासिक पेंशन देने, कार्य के दौरान दुर्घटना में 2 लाख और मृत्यु की स्थिति में 10 लाख रुपये मुआवजा देने की भी मांग की गई। साथ ही मानदेय 10 माह की बजाय पूरे 12 माह देने, अवकाश के दौरान वेतन कटौती बंद करने, स्कूलों का विलय या बंदी रोकने, छंटनीग्रस्त वर्कर्स को पुनः काम पर रखने और स्थायीकरण के साथ ईएसआई व पीएफ लागू करने पर जोर दिया गया। यूनियन ने यह भी स्पष्ट किया कि वर्कर्स से सफाई, टॉयलेट की धुलाई, कर्मचारियों के बर्तन धोने जैसी बेगार बंद की जाए और स्टाफ के लिए अलग से खाना-चाय बनवाने की प्रथा खत्म हो। यूनियन ने सरकार से मानवीय दृष्टिकोण अपनाकर इन मांगों पर त्वरित एवं न्यायपूर्ण कार्रवाई करने की अपील की। ज्ञापन देने वालों में कामरेड चन्द्र कला वर्मा संगीता देवी,रविना पुष्पा देवी राजबाला मुर्ती देवी कोशल्या देवी सुमन रीतू पुनम आदि वर्कर्स मोजूद रही

ताजा अपडेट्स के लिए आप पञ्चदूत मोबाइल ऐप डाउनलोड कर सकते हैं, ऐप को इंस्टॉल करने के लिए यहां क्लिक करें.. इसके अलावा आप हमें फेसबुकट्विटरइंस्ट्राग्राम और यूट्यूब चैनल पर फॉलो कर सकते हैं।